वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीपीआईआईटी ने कूलिंग और स्मार्ट उपकरण प्रौद्योगिकियों में उद्योग-स्टार्ट-अप सहयोग को बढ़ावा देने के लिए वोल्टास लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

प्रविष्टि तिथि: 11 MAR 2026 6:56PM by PIB Delhi

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने कूलिंग और स्मार्ट उपकरण तंत्र में उद्योग-स्टार्टअप सहयोग को बढ़ावा देने के लिए टाटा एंटरप्राइज की वोल्टास लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस सहयोग का मकसद हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी), उन्नत नियंत्रण प्रणाली, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग आधारित निदान, आईओटी-सक्षम स्मार्ट उपकरण और विनिर्माण एवं सेवा संचालन में डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में प्रौद्योगिकियों पर काम कर रहे स्टार्टअप्स को शामिल करना है।

इस पहल के तहत, डीपीआईआईटी और वोल्टास लिमिटेड के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया पहल, भारत स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज के तहत नवाचार चुनौतियों का आयोजन करने और उद्योग जगतसे जुड़ी समस्याओं पर केंद्रित हैकथॉन आयोजित करने पर विचार करेगी।

इस अवसर पर डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव श्री संजीव ने कहा कि यह सहयोग सरकार के उन प्रयासों के अनुरूप है, जिनका मकसद उद्योग और स्टार्टअप्स के बीच, विशेष रूप से उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में, अधिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साझेदारियाँ स्टार्टअप्स को उद्योग जगत की ज़रुरतों के मुताबिक समाधान विकसित करने और उनका परीक्षण करने के अवसर प्रदान कर सकती हैं।

इस साझेदारी के तहत, डीपीआईआईटी स्टार्टअप इंडिया पहल के ज़रिए वोल्टास लिमिटेड के साथ मिलकर, उद्योग जगत की उभरती ज़रुरतों के मुताबिक स्टार्टअप्स की पहचान करेगा। चयनित स्टार्टअप्स को उत्पाद विकास में सहयोग के लिए मेंटरशिप, तकनीकी मार्गदर्शन, परीक्षण अवसंरचना तक पहुँच और बाज़ार संपर्क के अवसर मिल सकते हैं।

ऊर्जा-कुशल शीतलन प्रणाली, वायु गुणवत्ता निगरानी और फिल्ट्रेशन तकनीकें, उन्नत इन्वर्टर नियंत्रण, पूर्वानुमानित रखरखाव समाधान, रेफ्रिजरेंट सुरक्षा प्रणाली और स्थापना तथा सर्विसिंग के लिए डिजिटल उपकरण जैसे क्षेत्र प्रमुख फोकस में हो सकते हैं।

चयनित स्टार्टअप, उत्पाद सत्यापन और प्रौद्योगिकी एकीकरण के लिए वोल्टास इंजीनियरिंग टीमों के साथ संरचित प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट (पीओसी) कार्यक्रमों में भी भाग ले सकते हैं। यह सहयोग वोल्टास के सेवा नेटवर्क के ज़रिए फील्ड परीक्षणों को भी सरल बना सकता है, जिससे समाधानों के परीक्षण और परिष्करण में मदद मिलेगी।

दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में डीपीआईआईटी के निदेशक डॉ. सुमीत कुमार जरंगल और वोल्टास लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री मुकुंदन मेनन ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

***

पीके/केसी/एनएस/ डीए


(रिलीज़ आईडी: 2238592) आगंतुक पटल : 75
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu