जनजातीय कार्य मंत्रालय
मध्य प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण हेतु ऑयल इंडिया लिमिटेड और नेशनल शेडयूल्ड ट्राइब्स फाइनांस एंड डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएसटीएफडीसी) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
प्रविष्टि तिथि:
12 MAR 2026 10:18PM by PIB Delhi
जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, 12 मार्च 2026 को नोएडा स्थित ऑयल इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय में ऑयल इंडिया लिमिटेड और जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन 'सेक्शन 8' कंपनी, नेशनल शेडयूल्ड ट्राइब्स फाइनांस एंड डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएसटीएफडीसी) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस सहयोग के तहत, ऑयल इंडिया लिमिटेड ने मध्य प्रदेश के आकांक्षी जिले राजगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए ₹86.27 लाख स्वीकृत किए हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय आबादी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बढ़ाना है, जिससे विशेष रूप से क्षेत्र के जनजातीय और अन्य वंचित समुदायों को लाभ होगा। यह पहल स्वास्थ्य केंद्रों को एम्बुलेंस, जीवन-रक्षक एवं नैदानिक उपकरणों और उन्नत जीवन-रक्षक मशीनों जैसे वेंटिलेटर, CPAP मशीन, BiPAP मशीन और USG मशीन से लैस कर सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मज़बूत करेगी।
यह पहल जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और समावेशी एवं सतत विकास में योगदान देने के प्रति जनजातीय कार्य मंत्रालय और उसके भागीदारों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के उस दृष्टिकोण के अनुरूप है, जहाँ जनजातीय समुदाय सशक्त हों और उनकी आवश्यक सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित हो।
**************
पीके/केसी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2239369)
आगंतुक पटल : 124
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English