रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय : उर्वरक विभाग
azadi ka amrit mahotsav

भारत ने 163 लाख मीट्रिक टन उर्वरक स्टॉक का रिकॉर्ड बनाया; पिछले वर्ष की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक


घरेलू यूरिया उत्पादन 306 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचा, वित्त मंत्री ने आत्मनिर्भरता का रोडमैप प्रस्तुत किया

सरकार ने रबी मौसम की तैयारी को मजबूत करने के लिए उर्वरक सब्सिडी के लिए अतिरिक्त 19,000 करोड़ रुपये आवंटित किए

प्रविष्टि तिथि: 13 MAR 2026 7:15PM by PIB Delhi

केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने लोकसभा को सूचित किया कि अप्रैल महीने में देश के पास वर्तमान में उर्वरक का 163 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) का मजबूत स्टॉक उपलब्ध है। यह पिछले वर्ष के 128.54 एलएमटी स्टॉक की तुलना में 26 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाता है, जिसका श्रेय सरकार की दूरदर्शी योजना को दिया जाता है। मंत्री महोदय ने कहा कि खरीफ मौसम के लिए पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सरकार आगामी रबी मौसम के लिए उर्वरक विभाग की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करने के लिए अनुपूरक मांगों के माध्यम से पहले से ही प्रावधान कर रही है।

बजट 2025-26 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगों के दूसरे बैच पर चर्चा के दौरान सदन को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने रेखांकित किया कि सरकार दूसरी अनुपूरक मांगों में उर्वरक सब्सिडी के लिए मूल बजट अनुमान से लगभग 19,000 करोड़ रुपए अधिक खर्च कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का ध्यान आवश्यक आयात के साथ-साथ घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित है। घरेलू यूरिया उत्पादन में लगातार वृद्धि देखी गई है, जो 2014-15 के 225 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 2024-25 में 306.67 लाख मीट्रिक टन हो गया है।

आत्मनिर्भरता को और बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई नई निवेश नीति के तहत पहले ही छह नई उत्पादन इकाइयां चालू कर दी हैं। इन इकाइयों में से प्रत्येक की औसत वार्षिक क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन है और इन्होंने सामूहिक रूप से देश की यूरिया उत्पादन क्षमता में 76.2 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि की है। इसके अतिरिक्त, 2015 की नई यूरिया नीति के तहत ओडिशा और असम में दो नए संयंत्रों पर काम चल रहा है, जिनके चालू होने के बाद प्रतिवर्ष 25.4 लाख मीट्रिक टन यूरिया उत्पादन में और वृद्धि होने की उम्मीद है। नए संयंत्रों के अलावा, सरकार कृषि मांगों को पूरा करने के लिए मौजूदा संयंत्रों की क्षमता का भी विस्तार कर रही है।

***

पीके/केसी/आईएम/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2239944) आगंतुक पटल : 119
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Kannada