संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पेंशनर्स कल्याण और डिजिटल कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान: CGCA श्रीमती वंदना गुप्ता का राजस्थान दौरा

प्रविष्टि तिथि: 17 MAR 2026 4:50PM by PIB Jaipur

दूरसंचार विभाग, भारत सरकार की महानियंत्रक संचार लेखा (CGCA) श्रीमती वंदना गुप्ता ने आज श्री आशीष जोशी, प्रधान नियंत्रक संचार लेखा, दिल्ली के साथ नियंत्रक संचार लेखा (CCA), राजस्थान कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेंशनर्स कल्याण, राजस्व संग्रहण और डिजिटल कनेक्टिविटी से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

पेंशनर्स कल्याण की समीक्षा करते हुए उन्होंने 'संपन्न' (SAMPANN) पोर्टल के माध्यम से पेंशन वितरण में पूर्ण पारदर्शिता और त्वरित सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान सर्कल के 16,690 पेंशनभोगियों को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना प्राथमिकता है।

राजस्व संग्रहण के संबंध में उन्होंने चालू वित्त वर्ष में राजस्थान सीसीए के प्रदर्शन की सराहना की। राजस्थान सर्कल में स्पेक्ट्रम उपयोग शुल्क (SUC) के रूप में ₹173.62 करोड़ तथा लाइसेंस शुल्क के रूप में ₹915.93 करोड़ का राजस्व संग्रहित किया गया है।

उन्होंने क्षेत्र में भारत सरकार की इंटरनेट संबंधी योजनाओं, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISP) के नियमों के अनुपालन तथा सेवा गुणवत्ता की भी समीक्षा की और इस संबंध में विस्तृत चर्चा की।

कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘जन-केंद्रित सेवा’ और ‘तकनीकी दक्षता’ को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य संचार सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक सहज और सुलभ रूप से पहुंचाना है।

इस अवसर पर श्री श्याम लाल मीणा, नियंत्रक संचार लेखा, राजस्थान, श्रीमती मीनाक्षी वर्मा, संयुक्त नियंत्रक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


(रिलीज़ आईडी: 2241268) आगंतुक पटल : 84