जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नई दिल्ली में 18 मार्च को भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026 का शुभारंभ होगा


केंद्रीय मंत्री श्री जुएल ओराम आदिवासी कला, संस्कृति और उद्यम को समर्पित इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 17 MAR 2026 4:04PM by PIB Delhi

भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (टीआरआईएफईडी) भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय के साथ मिलकर 18 से 30 मार्च 2026 तक नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026 का आयोजन कर रहा है जिसमें देश भर के जनजातीय कारीगरों, उद्यमियों और सांस्कृतिक कलाकारों को एक साथ लाया जाएगा।

जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री माननीय श्री जुएल ओराम 18 मार्च, 2026 को नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री माननीय श्री दुर्गादास उइके और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

यह महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से रात 8:00 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा और इसका उद्देश्य कला, हस्तशिल्प, हथकरघा, व्यंजन और सांस्कृतिक प्रदर्शनों के माध्यम से भारत के जनजातीय समुदायों की विविध परंपराओं, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना का जीवंत अनुभव प्रदान करना है।

भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026 में उत्कृष्ट जनजातीय कला का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा जिसमें देश भर के 78 वन धन विकास केंद्रों (वीडीवीके) और 310 कुशल कारीगरों के 200 से अधिक चुने हुए स्टॉल शामिल होंगे। आगंतुक 120 जनजातीय व्यंजनों की प्रस्तुतियों के माध्यम से "वन से थाली तक" आंदोलन का अनुभव कर सकते हैं और 17 लाइव प्रदर्शनों के दौरान पारंपरिक शिल्पकला की जटिल प्रक्रिया को देख सकते हैं। उत्सव के माहौल को और भी जीवंत बनाने के लिए शाम को 400 से अधिक कलाकार पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रस्तुत करेंगे, जो एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा।

19 से 27 मार्च 2026 तक भारत ट्राइब्स बिजनेस कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा जो नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों और जनजातीय उद्यमों के लिए टिकाऊ वस्त्र, जनजातीय खाद्य प्रणालियों और नैतिकतापूर्ण विलासिता सामग्रियों के बाजारों पर उच्च स्तरीय चर्चा करने का एक प्रमुख मंच होगा। कई दिनों के इस कार्यक्रम में नवाचार, स्वदेशी ज्ञान के संरक्षण तथा जनजातीय युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी जिनका उद्देश्य समुदाय-आधारित जनजातीय पर्यटन और उद्यमों के विकास के लिए सशक्त और अनुकूल परिवेश को बढ़ावा देना है। इस पहल का महत्वपूर्ण आकर्षण 24 मार्च 2026 को आयोजित होने वाला सीएसआर कॉन्क्लेव है जिसे विशेष रूप से कॉर्पोरेट संस्थानों और जनजातीय उद्यमियों के बीच की दूरी को पाटने और स्थायी साझेदारी तथा दीर्घकालिक आजीविका सृजित करने के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी का लाभ उठाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026 का एक प्रमुख आकर्षण आरआईएसए पहल है जिसमें सुश्री अंजू मोदी, श्री मनीष त्रिपाठी, श्री गौरव जय गुप्ता, श्री संदीप खोसला और सुश्री समीरा दलवी जैसे प्रख्यात डिजाइनर जनजातीय कारीगरों के साथ मिलकर काम करते हैं। आरआईएसए समकालीन डिजाइन को एरी सिल्क, कोटपाड़ कॉटन और डोंगरिया कढ़ाई जैसी प्राचीन परंपराओं के साथ मिलाकर स्वदेशी वस्त्रों को वैश्विक फैशन जगत से जोड़ता है।

कार्यक्रम का विवरण

भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026

📍 स्थान: सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली

📅 तिथियां: 18-30 मार्च 2026

समय: सुबह 11:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक

इस महोत्सव का उद्देश्य भारत के जनजातीय समुदायों की रचनात्मकता, जीवनयापन की निरंतरता और उद्यमशीलता की क्षमता को बढ़ावा देना है, साथ ही जनजातीय कारीगरों और उद्यमों के लिए अधिक दृश्यता और बाजार के अवसर प्रदान करना है।

***

पीके/केसी/केके/ओपी


(रिलीज़ आईडी: 2241308) आगंतुक पटल : 177
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Manipuri , Kannada