औषधि विभाग
azadi ka amrit mahotsav

फार्मास्युटिकल शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करने के लिए एनआईपीईआर रायबरेली ने रोश फार्मा इंडिया के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

प्रविष्टि तिथि: 17 MAR 2026 7:25PM by PIB Delhi

रायबरेली के राष्ट्रीय औषध शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईपीईआर) ने भारत में औषध विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने और अकादमिक सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए रोश फार्मा इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधीन औषध विभाग के सचिव श्री मनोज जोशी की उपस्थिति में नई दिल्ली के शास्त्री भवन में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये।

इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को विकसित हो रहे औषध विज्ञान एवं विनियामक परिदृश्य की बहुमूल्य जानकारी प्रदान करके अकादमिक शिक्षा और उद्योग जगत के बीच की खाई को पाटना है। समझौता ज्ञापन के अंतर्गत रोश और एनआईपीईआर रायबरेली छात्रों और उद्योग पेशेवरों के लिए विनियामक मामलों में प्रमाणपत्र कार्यक्रम, एआई-संचालित औषध अनुसंधान, औषधि विकास और स्वास्थ्य सेवा नवाचार सहित उभरते रुझानों पर उद्योग विशेषज्ञों द्वारा अतिथि व्याख्यान श्रृंखला जैसी पहलों पर सहयोग करेंगे, ताकि इस उद्योग के व्यावहारिक पहलुओं की समझ को मजबूत किया जा सके।

श्री मनोज जोशी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में निरंतर बने रहने और अपनी वैश्विक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए औषध विज्ञान में विनियामक विज्ञान, जैव विज्ञान और एआई में अपनी क्षमताओं को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अकादमिक-उद्योग सहयोग महत्वपूर्ण है।

यह सहयोग सरकार के #विकसितभारत विजन और #बायोफार्माशक्ति मिशन के अनुरूप है, जो भारत को मात्रा-आधारित दवा उत्पादन से मूल्य-आधारित नवाचार की ओर ले जाने में सहायक है और जैव-औषधीय क्षेत्र में देश के वैश्विक नेतृत्व को सुदृढ़ करता है।

यह पहल भविष्य के लिए तैयार कार्यबल विकसित करने और भारत के जीवन विज्ञान पारिस्थितिकी तंत्र में सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

***

पीके/केसी/जेएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2241471) आगंतुक पटल : 98
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu