राज्यसभा सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

विभाग संबंधित वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की 195वीं रिपोर्ट पर प्रेस विज्ञप्ति

प्रविष्टि तिथि: 18 MAR 2026 4:15PM by PIB Delhi

सुश्री दोला सेन, संसद सदस्य, राज्य सभा की अध्यक्षता वाली विभाग संबंधित वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने वाणिज्य विभाग, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की अनुदान मांगों (2026-27) संबंधी 195वां प्रतिवेदन संसद की दोनों सभाओं में 18 मार्च, 2026 को प्रस्तुत किया/सभा पटल पर रखा।

2.       समिति ने 16 फरवरी, 2026 को विभाग के सचिव के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। समिति ने इस विषय पर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई); पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई); फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की); और एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) के प्रतिनिधियों के विचार जानने के लिए उनको भी 16 फरवरी, 2026 को आमंत्रित किया। मूल्यांकन की प्रक्रिया के दौरान, समिति ने पिछले वर्षों में व्यय किए गए बजट, किए गए व्यय के विवरण और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए मांगे गए आवंटन की गहन जांच की। प्रतिवेदन में विभिन्न शीर्षों के अंतर्गत बजटीय आवंटन की पर्याप्तता और विभाग द्वारा उनके प्रभावी तथा समय पर उपयोग किए जाने की भी आगे जांच की गई। पैनल ने देश के निर्यात प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले कई वैश्विक और साथ ही घरेलू कारकों पर भी चर्चा की।

3.       यह प्रतिवेदन वाणिज्य विभाग के 2026-27 के बजटीय प्रस्तावों का एक विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करता है, जिसमें निधियों के आवंटन, उनके अभीष्ट उपयोग और पिछले व्यय के रुझानों का विवरण दिया गया है। इसमें विभाग की वित्तीय सूझ-बूझ का आकलन किया गया है और विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई है; साथ ही, यह मूल्यांकन करता है कि क्या आवंटित संसाधन उनके उचित निष्पादन के लिए पर्याप्त हैं। इसके अतिरिक्त, यह प्रतिवेदन उन वित्तीय पहलुओं को भी रेखांकित करता है जिनमें सुधार की आवश्यकता है। इस प्रतिवेदन में सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न पहलों, योजनाओं और कार्यक्रमों को शामिल किया गया है, जिनका देश के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।

4.       समिति ने 17 मार्च, 2026 को आयोजित हुई अपनी बैठक में प्रारूप प्रतिवेदन पर विचार किया और इसे स्वीकार किया।

          संपूर्ण प्रतिवेदन https://sansad.in/rs/hi पर समितियाँ> विभागों से संबद्ध स्थायी समितियाँ> वाणिज्य संबंधी समिति>प्रतिवेदन पर भी उपलब्ध है।

****

आरकेके


(रिलीज़ आईडी: 2241810) आगंतुक पटल : 87
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English