सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय राजमार्ग संचालन एवं प्रबंधन के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा एआई संचालित डैशकैम निगरानी प्रणाली शुरू की जाएगी

मार्ग गश्ती वाहनों (आरपीवी) पर विशेष डैशबोर्ड कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका उपयोग राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों का साप्ताहिक सर्वेक्षण करने के लिए किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 20 MAR 2026 4:58PM by PIB Delhi

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएई) राष्ट्रीय राजमार्गों के संचालन और प्रबंधन में महत्वपूर्ण बदलाव लाते हुए लगभग 40,000 किलोमीटर के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर उन्नत एआई-संचालित डैशकैम एनालिटिक्स सर्विसेज (डीएएस) का उपयोग करेगा। यह पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) का लाभ उठाकर देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के लिए उच्च-तकनीकी, डेटा-आधारित संचालन एवं रखरखाव (ओएंडएम) को बढ़ावा देगी।

इस परियोजना का उद्देश्य हाई-रिज़ॉल्यूशन इमेजरी और वीडियो डेटा का उपयोग करके दूरस्थ ट्रैकिंग और सड़क स्थिति के आकलन को बेहतर बनाना है। सभी मार्गों का व्यापक साप्ताहिक सर्वेक्षण करने के लिए मार्ग गश्ती वाहनों (आरपीवी) पर विशेष डैशबोर्ड कैमरे लगाए जाएंगे। 30 से अधिक प्रकार के दोषों और अनियमितताओं की स्वचालित पहचान के लिए उन्नत एआई/एमएल प्रशिक्षित मॉडल तैनात किए जाएंगे।

मुख्य ध्यान सड़क की स्थिति पर होगा, जिसमें गड्ढों, दरारों और गंभीर दरारों का पता लगाना शामिल है। अपनाई गई विधि में क्षतिग्रस्त या धुंधली लेन मार्किंग, क्रैश बैरियर और खराब स्ट्रीटलाइट्स की वास्तविक समय में पहचान सहित सड़क साज़ो-सामान भी शामिल होगा। अवैध डिवाइडर ओपनिंग, अनधिकृत साइनबोर्ड और अवैध पार्किंग या अतिक्रमण की निगरानी के माध्यम से सुरक्षा और अतिक्रमण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए, सड़क मार्गदर्शक, फुटपाथ मार्किंग, रोड स्टड और राजमार्ग प्रकाश व्यवस्था के प्रदर्शन मूल्यांकन के लिए महीने में कम से कम एक साप्ताहिक सर्वेक्षण रात्रिकाल में किया जाएगा। जल जमाव, जल निकासी कवर की कमी, वनस्पति वृद्धि और बस बे की स्थिति जैसे अन्य महत्वपूर्ण रखरखाव संबंधी मुद्दों को भी शामिल किया जाएगा।

रिपोर्टों की प्रभावी निगरानी के लिए, देश भर में रणनीतिक रूप से पांच ज़ोन बनाए गए हैं ताकि व्यवस्थित डेटा निगरानी सुनिश्चित की जा सके। डेटा प्रबंधन, एआई एनालिटिक्स और इंटरैक्टिव विज़ुअलाइज़ेशन डैशबोर्ड के लिए समर्पित मॉड्यूल वाला एक विशेष आईटी प्लेटफॉर्म इस उद्देश्य के लिए विशेष रूप से विकसित किया जाएगा। यह समाधान समय के साथ सड़क की स्थितियों की तुलना करने की सुविधा भी देता है, जिससे एनएचएआई रखरखाव की प्रगति को सटीक रूप से ट्रैक कर सके और कुशलतापूर्वक मरम्मत कर सके। एआई द्वारा उत्पन्न परिणामों को निर्बाध निगरानी और दोषों के समय पर निवारण को सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय एनएचएआई डेटा लेक प्लेटफॉर्म में एकीकृत किया जाएगा।

यह पहल राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रौद्योगिकी-संचालित और कुशल संचालन एवं प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एआई-संचालित डैशकैम मॉनिटरिंग का लाभ उठाने से समय पर रखरखाव संभव होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर समग्र उपयोगकर्ता अनुभव बेहतर होगा।

*****

पीके/केसी/एमकेएस/

 


(रिलीज़ आईडी: 2243060) आगंतुक पटल : 80
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu