संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

समृद्ध ग्राम की ओर एक कदम: सूरजपुर में FTTH शिविर ने जगाई डिजिटल उम्मीदें,

प्रविष्टि तिथि: 25 MAR 2026 4:37PM by PIB Raipur

भारत सरकार की ‘समृद्ध ग्राम योजना’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को गति देने के उद्देश्य से जिला सूरजपुर के विकासखण्ड- प्रतापपुर ग्राम पंचायत खजूरी और विकासखण्ड- रामानुजनगर  ग्राम पंचायत केशवपुर  में फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) कनेक्टिविटी पर आधारित जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतनेट परियोजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ दूरसंचार परिमंडल, रायपुर द्वारा संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि समृद्ध ग्राम योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में एक ग्राम पंचायत को ‘समृद्ध ग्राम पंचायत’ के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में भारतनेट परियोजना के माध्यम से देशभर के लगभग 1.50 करोड़ ग्रामीण घरों तक फाइबर आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने की योजना है। योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर शासकीय संस्थानों विद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र तथा पंचायत कार्यालय को जोड़ा जा रहा है, जिससे डिजिटल सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार मिल सके।

शिविर में नोडल अधिकारी श्री अंजुम शेख  (सहायक लेखा अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव तथा पंचगण के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान ग्रामीणों को योजना के उद्देश्यों, डिजिटल सेवाओं की उपयोगिता और इंटरनेट कनेक्टिविटी के बढ़ते महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट सेवा भी भोजन, वस्त्र और आवास की तरह एक आवश्यक आवश्यकता बन चुकी है। फाइबर टू द होम (फाइबर टू द होम) कनेक्टिविटी के माध्यम से ग्रामीण घर बैठे ऑनलाइन शिक्षा, ई-गवर्नेंस सेवाएं, डिजिटल भुगतान, सोशल मीडिया आधारित रोजगार, चॉइस सेंटर संचालन, सीसीटीवी निगरानी तथा पंचायत कार्यों के सुचारू संचालन जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि भारत सरकार द्वारा फाइबर कनेक्शन के लिए अनुदान (सब्सिडी) उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में किफायती दरों पर इंटरनेट सेवाओं का विस्तार संभव हो सके। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने घरों में फाइबर टू द होम कनेक्शन स्थापित करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।

*****


(रिलीज़ आईडी: 2245114) आगंतुक पटल : 14
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English