पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पूर्वोत्तर विशेष अवसंरचना विकास योजना-सड़कों के अलावा अन्य अवसंरचना

प्रविष्टि तिथि: 25 MAR 2026 3:32PM by PIB Delhi

मेघालय राज्य में शिलांग-नोंगस्टोइन-तुरा सड़क कॉरिडोर के सुधार और चौड़ीकरण से यात्रा समय में काफी कमी आई है। राष्‍ट्रीय राजमार्ग-106 और राष्‍ट्रीय राजमार्ग-127बी के कुछ हिस्सों पर मौजूदा खराब सड़कों को पक्के शोल्डर वाली दो लेन की सड़क में बदल दिया गया है। पहले, कॉरिडोर में संकरी सड़कें, तीखे मोड़, खड़ी ढलानें और संकरे पुल थे, जिससे अक्सर जाम लगता था और वाहनों की आवाजाही धीमी हो जाती थी। सड़क के चौड़ीकरण और ज्यामितीय डिजाइन में सुधार के साथ, अब वाहन दोनों दिशाओं में सुचारू रूप से चल सकते हैं, जिससे औसत यात्रा गति में वृद्धि हुई है।

पूर्वोत्तर विशेष अवसंरचना विकास योजना-सड़क अवसंरचना के अलावा (एनईएसआईडीएस-ओटीआरआई) के अंतर्गत मिजोरम के थेनज़ॉल में हेलीपोर्ट और हेलीपैड विकास परियोजना को 13.10.2025 को 12.00 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत किया गया था। मिजोरम राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए कार्यकारी एजेंसी के चयन हेतु निविदा जारी की है।

पंचायती राज मंत्रालय ने 14 अगस्त, 2025 को एआई-सक्षम वॉयस-टू-टेक्स्ट मीटिंग समराइजेशन टूल 'सभासार' लॉन्च किया। सभासार प्लेटफॉर्म ग्राम सभा की कार्यवाही को व्यवस्थित रूप से रिकॉर्ड और सारांशित करने में सक्षम बनाता है और ग्राम सभा की बैठकों की आवृत्ति/प्रकार और भागीदारी जैसे प्रमुख मापदंडों की निगरानी में सहायता करता है। सभासार त्रिपुरा सहित सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के लिए उपलब्ध है और ग्राम पंचायतें नियमित ग्राम सभा और पंचायत बैठकों के लिए इसे धीरे-धीरे अपना रही हैं।

प्रायोगिक कार्यान्वयन के हिस्से के रूप में, त्रिपुरा की सभी 1,194 ग्राम पंचायतों को 15 अगस्त 2025 को विशेष ग्राम सभाओं के लिए इस उपकरण का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया था, और उस दिन 1,047 ग्राम पंचायतों ने सभासार का सफलतापूर्वक उपयोग किया था।

पूर्वोत्तर क्षेत्र (एनईआर) में मंत्रालय द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं की निगरानी और समय पर पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए एमडीओएनआर ने कई कदम उठाए हैं। एमडीओएनआर ने सभी 8 राज्यों में क्षेत्रीय तकनीकी सहायता इकाई (एफटीएसयू) नियुक्त की है, जो राज्य योजना विभागों और परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करती है, एमडीओएनआर परियोजनाओं, जिनमें सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं, का डेटाबेस बनाए रखती है और उसे अद्यतन करती है, नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करती है और परियोजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में एमडीओएनआर को प्रतिक्रिया प्रदान करती है। एफटीएसयू एमडीओएनआर की योजनाओं के तहत स्वीकृत परियोजनाओं, जिनमें सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं, का क्षेत्रीय निरीक्षण भी करती हैं।

इसके अतिरिक्त, परियोजनाओं की समय-समय पर एमडीओएनईआर और उत्तर पूर्वी परिषद (एनईसी) के अधिकारियों द्वारा निगरानी और निरीक्षण किया जाता है। परियोजनाओं के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा के लिए मंत्रालय द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र की राज्य सरकारों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं। एमडीओएनईआर की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परियोजना गुणवत्ता निगरानीकर्ताओं/तृतीय पक्ष तकनीकी निरीक्षण एजेंसियों (पीक्यूएम/टीपीटीआई) की स्थापना की गई है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार ने आज लोकसभा में यह जानकारी एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

***

पीके/केसी/एवाई/एम


(रिलीज़ आईडी: 2245238) आगंतुक पटल : 61
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Manipuri , Urdu , Assamese , Bengali-TR