संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अमेनडेड भारतनेट परियोजना के तहत FTTH साइट्स का निरीक्षण, डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा

प्रविष्टि तिथि: 26 MAR 2026 4:46PM by PIB Bhopal

दूरसंचार विभाग के दिशानिर्देशों के अनुरूप, डिजिटल भारत निधि से संचालित अमेनडेड भारतनेट परियोजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों की ग्राम पंचायतों में FTTH (फाइबर टू द होम) साइट्स का निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता की इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराना तथा डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देना है।

निरीक्षण के दौरान नियंत्रक संचार लेखा कार्यालय, मध्य प्रदेश के अधिकारियों द्वारा स्थापित दूरसंचार अवसंरचना, इंटरनेट कनेक्टिविटी की गुणवत्ता, नेटवर्क की कार्यक्षमता तथा सेवा प्रदायगी की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं और आम नागरिकों को उनका पूरा लाभ मिल रहा है।

इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उन्हें भारतनेट परियोजना के उद्देश्यों, डिजिटल सेवाओं की उपयोगिता तथा इंटरनेट आधारित सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस सेवाएं, डिजिटल भुगतान एवं अन्य नागरिक सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें डिजिटल साक्षरता तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।

निरीक्षण के क्रम में नियंत्रक संचार लेखा कार्यालय, मध्य प्रदेश के विभिन्न अधिकारियों द्वारा अलग-अलग जिलों की ग्राम पंचायतों का दौरा किया गया। इसमें  विशाल जगदीश ताकसांडे एवं आतिश भांबेरे द्वारा छिंदवाड़ा जिला,  योगेंद्र सिंह यादव द्वारा भिंड, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना एवं शिवपुरी जिले,  पंकज पांडे द्वारा शहडोल, सिंगरौली एवं अनूपपुर जिले,  वीरेंद्र पांडे द्वारा सतना एवं सीधी जिले, सतीश जोशी द्वारा हरदा जिला तथा अमित गुप्ता द्वारा खंडवा जिले का निरीक्षण किया गया।

यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने, डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा समावेशी विकास सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों में इंटरनेट सेवाओं के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और डिजिटल सेवाओं के प्रति सकारात्मक रुझान विकसित हो रहा है।

 

**


(रिलीज़ आईडी: 2245687) आगंतुक पटल : 33