ग्रामीण विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय कृषि मंत्री ने ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए ज़रूरी निर्देश


योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारी तय करें समय सीमा : श्री शिवराज सिंह चौहान

राज्यों के साथ योजनाओं से जुड़ी हर जानकारी साझा करें ताकि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके : श्री चौहान

प्रविष्टि तिथि: 02 APR 2026 2:34PM by PIB Delhi

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कृषि भवन में ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभाग की अन्य योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने ग्रामीण विकास मंत्रालय के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि विभाग देश के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की दिशा में सराहनीय और प्रभावी कार्य कर रहा है।

नए वित्त वर्ष की शुरुआत के मद्देनज़र केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह विभाग की प्रत्येक योजना की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने पर भी जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और इसके पूर्ण रूप से लागू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारी राज्यों और उनके कृषि मंत्रियों के साथ साझा की जाए ताकि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल सहित मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

*****

आरसी/ एडीएस


(रिलीज़ आईडी: 2248278) आगंतुक पटल : 118