वित्त मंत्रालय
वित्तीय सेवा विभाग सचिव ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एआई-संचालित बहुभाषी संवाद मंच 'बॉब संवाद' का शुभारंभ किया, शाखाओं में ग्राहकों के साथ संवाद बेहतर होगा
बैंक द्वारा स्व-विकसित एआई प्लेटफॉर्म भारत की भाषाई विविधता अपनाते हुए 22 भाषाओं में वास्तविक समय और कम विलंबता के साथ दो-तरफ़ा संचार सक्षम बनाएगा
डीएफएस सचिव ने बॉब संवाद को समावेशी बैंकिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, प्रौद्योगिकी द्वारा ग्राहकों को बेहतर सेवा मिलेगी
प्रविष्टि तिथि:
07 APR 2026 2:43PM by PIB Delhi
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग सचिव श्री एम. नागराजू ने 28 मार्च, 2026 को मुंबई में औपचारिक तौर पर बैंक ऑफ बड़ौदा का बॉब संवाद आरंभ किया।
यह प्लेटफॉर्म एआई-संचालित बहुभाषी विशिष्ट संवाद मंच है, जिसका उद्देश्य शाखाओं में ग्राहकों के साथ संवाद बेहतर बनाना है। पहली बार किसी बैंक ने इस तरह का प्लेटफॉर्म स्थापित किया है। भाषा संबंधी परेशानियां दूर करने के लिए तैयार किये गये इस प्लेटफॉर्म से ग्राहकों और बैंक शाखा के कर्मचारियों को पसंदीदा भाषा में एक-दूसरे के साथ सहजता से संवाद करने में सुगमता होगी।
श्री एम. नागराजू ने यह पहल आरंभ करने पर बैंक ऑफ बड़ौदा को बधाई दी। उन्होंने बैंक के कार्यों में भाषाई बाधा दूर करने और ग्राहकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के अभिनव प्रौद्योगिकी प्रयोग की सराहना की।
वित्तीय सेवा विभाग सचिव ने कहा कि बॉब संवाद अधिक समावेशी और सुलभ सेवा को बढ़ावा देगा और बैंक शाखाओं में ग्राहक सेवा में सुधार में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि बेंक ऑफ बड़ौदा की इस पहल ने इस क्षेत्र में नया मानदंड स्थापित किया है।
श्री नागराजू ने बैंक की एक और हरित पहल बॉब फॉरेस्ट का भी दौरा किया, जो बॉब अर्थ, ग्रीन डिपॉजिट्स और ग्रीन बॉन्ड्स के बाद स्थापित किया गया है और संधारणीयता और पर्यावरण, सामाजिक और शासन संबंधी समग्र लक्ष्य के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता दर्शाता है। बॉब फॉरेस्ट मुंबई में बैंक ऑफ बड़ौदा के बीकेसी कार्यालय में बनाया गया 6,000 वर्ग फुट का हरित उद्यान है जो जैव विविधता और स्वच्छ हवा प्रदान करता है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. देबदत्ता चंद ने इस पहल पर कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा बॉब संवाद द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से अपनी शाखाओं को अधिक समावेशी और ग्राहक-अनुकूल बना रहा है, जिससे स्थानीय भाषाओं और वास्तविक समय में ग्राहकों के साथ संवाद हो पाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रौद्योगिकी को ग्राहक-केंद्रित डिजाइन के साथ युक्त कर कामकाज बेहतक बनाने की हमारी प्रतिबद्धता दर्शाता है।
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा पूर्णतया स्वविकसित बॉब संवाद एआई-संचालित संभाषण और भाषा प्रौद्योगिकियों के उपयोग से 22 भाषाओं में वास्तविक समय में, कम विलंबता से दो-तरफा संचार सुगम बनाता है। इससे प्रसंग सटीकता और प्राकृतिक प्रवाह के साथ ही भारत की भाषाई विविधता भी सुनिश्चित होगी।
सेवा काउंटर पर, इस एप से अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले ग्राहकों और शाखा कर्मचारियों के बीच निर्बाध संचार सक्षम होगा। ग्राहक की पसंदीदा भाषा या प्रश्न का कर्मचारी तुरंत अनुवाद कर पाएंगे और उनकी बात भी ग्राहक अपनी भाषा में समझ लेंगे। इससे वास्तविक समय में सहज बातचीत संभव होगी, जिससे कार्यों की सटीक समझ और कुशल सेवा प्रदान होगी। इस प्रणाली में बातचीत स्क्रीन पर टेक्स्ट के रूप में प्रदर्शित होती है, साथ ही एक वैकल्पिक वॉइस मोड भी है जो टेक्स्ट को स्पीच में बदल देता है और जो ग्राहक पढ़ने की बजाय सुनना पसंद करते हैं, उनके साथ ही यह सबके लिए सुलभ संवाद प्रदान करता है।
बॉब संवाद को पहले चरण में, बैंक ऑफ बड़ौदा की तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की 250 शाखाओं में स्थापित किया जाएगा। इसके उपरांत इसका बैंक के विभिन्न शाखा नेटवर्क में चरणबद्ध रूप से व्यापक तौर पर इस्तेमाल होगा।
***
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2249716)
आगंतुक पटल : 118