कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

कोयला मंत्रालय द्वारा दो दिवसीय अखिल भारतीय राजभाषा स‍म्‍मेलन का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 09 APR 2026 6:04PM by PIB Delhi

कोयला मंत्रालय द्वारा कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी की अध्‍यक्षता, कोयला एवं खान राज्‍य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे की सह-अध्‍यक्षता, मंत्रालय के उच्चाधिकारियों और आमंत्रित विशिष्ट अतिथि श्री सुधांशु त्रिवेदी, सदस्य, राज्यसभा की उपस्थिति में दिनांक 8 व 9 अप्रैल, 2026 को कौशल भवन, नई दिल्‍ली में दो दिवसीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्‍मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी में अपनी बात रख कर हिंदी और देश का गौरव बढ़ाया है, हम सभी को उनसे सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी उल्‍लेख किया कि हिंदी के साथ-साथ अपनी मातृभाषा को भी महत्व दिया जाना चाहिए। आगे, उन्‍होंने कहा कि मंत्रालय को राजभाषा हिंदी के विकास हेतु प्रतिबद्ध होकर कार्य करना होगा।

 

कोयला एवं खान राज्‍य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि हम हिंदी को केवल राजभाषा के रूप में ही नहीं, अप‍ितु जन-जन की भाषा, ज्ञान की भाषा और भविष्य की भाषा बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कोयला मंत्रालय में राजभाषा हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी अवगत कराया। विशिष्‍ट अतिथि के रूप में मौजूद श्री सुधांशु त्रिवेदी ने भारतीय भाषाओं के अंतर्संबंधों के बारे में विस्‍तार से बताया और शब्दों की उत्पत्ति तथा विकास के संदर्भ में अपनी बात रखी। साथ ही, उन्होंने भारतीय संस्कृति के महत्व एवं गौरव पर भी प्रकाश डाला।

            ‘वार्षिक प्रारूप एवं टिप्‍पण-लेखन प्रोत्‍साहन योजना’ के 10 विजेताओं को माननीय मंत्रीगणों एवं विशिष्ट अतिथि महोदय के कर-कमलों से शील्‍ड प्रदान की गई। वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय कवि श्री गजेंद्र सोलंकी द्वारा कोयला मंत्रालय के लिए लिखित व स्वरबद्ध किये गए “ध्‍येय गीत” का लोकार्पण करवाया गया व उन्हीं के द्वारा प्रकृति एवं  संस्कृति रक्षा संकल्प  विषय पर लिखित एवं संगीतबद्ध अत्यंत उत्कृष्ट नृत्यनाटिका प्रस्तुत की गयी।  श्री अनूप यादव द्वारा शिवस्रोत पर नृत्य व डॉक्टर अनन्या चटर्जी व उनकी शिष्या कुमारी भव्या  द्वारा भरतनाट्यम नृत्य  प्रस्‍तुत किया गया। सम्मेलन के दौरान श्री टी वीरेंद्र द्वारा निर्मित लघु फ़िल्म गोपुरम का भी प्रदर्शन किया गया

द्वितीय सत्र में श्री गजेंद्र सोलंकी के संयोजन में श्री हरिओम पँवार , सुश्री कीर्ति काले, श्री स्वयं श्रीवास्तव, श्रीमती पंडित विजयलक्ष्मी और श्री उपेंद्र पांडे द्वारा कवि सम्‍मेलन का आयोजन किया गया।

इस सम्मेलन के दूसरे दिन श्री बालेंदु शर्मा दाधीच द्वारा ‘हिंदी और तकनीकी दुनिया, श्री अनिल शर्मा जोशी द्वारा ‘वैश्विक स्‍तर पर हिंदी की स्‍थिति और चुनौतियां’ तथा श्री राजेश चेतन द्वारा ‘भाषण देने की कला’ विषय पर रोचक वक्‍तव्य दिये गए। इस सम्मेलन के समापन-सत्र में कोयला मंत्रालय और अधीनस्थ कंपनियों के प्रतिभागियों द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार के संबंध में अपने-अपने विचार रखे गए और उपस्थित अधिकारियों द्वारा काव्य प्रस्तुतियाँ दी गईं।

इस कार्यक्रम में कोयला मंत्रालय के सभी उच्चाधिकारी और एनएलसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, कोल इंडिया लिमिटेड और सभी अनुषंगी कंपनियों के निदेशक, कोयला खान भविष्य निधि संगठन व कोयला नियंत्रक कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।    

****

शुहैब टी


(रिलीज़ आईडी: 2250533) आगंतुक पटल : 459