विधि एवं न्याय मंत्रालय
स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विधि विभाग द्वारा “स्वच्छ तन, स्वच्छ मन” कार्यशाला का आयोजन किया गया
प्रविष्टि तिथि:
10 APR 2026 8:00PM by PIB Delhi
स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अवसर पर, विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि विभाग द्वारा 10 अप्रैल 2026 को शास्त्री भवन के ए विंग में चतुर्थ तल स्थित सम्मेलन कक्ष संख्या 440 में “स्वच्छ तन, स्वच्छ मन” शीर्षक से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य व्यक्तिगत स्वच्छता तथा निजी एवं व्यावसायिक जीवन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
इस कार्यशाला में अपर सचिव डॉ. के. वी. कुमार तथा संयुक्त सचिव (राजभाषा विंग) श्री अश्वनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही विभाग से संबद्ध कार्यालयों- राजभाषा विंग (ओ अल विंग) और विधि साहित्य प्रकाशन (वी एस पी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान दिल्ली सरकार के आयुष निदेशालय की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएफएसएफ) डॉ. हेमा एस. कोल्हे ने दैनिक जीवन में आयुर्वेद के लाभों पर प्रकाश डाला तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने क्या खाएं और कब खाएं, नियमित भोजन समय का पालन, प्रातःकाल शीघ्र उठना, अनुशासित दिनचर्या अपनाना तथा योगासन के महत्व पर विशेष रूप से बल दिया। साथ ही उन्होंने समग्र स्वास्थ्य (होलिस्टिक वेल-बीइंग) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
अपर सचिव डॉ. के. वी. कुमार ने इस सत्र के महत्व को रेखांकित किया और स्वस्थ जीवनशैली, आयुर्वेद एवं योगासन पर डॉ. हेमा एस. कोल्हे द्वारा दिए गए मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कार्यशाला को सार्थक एवं सफल बनाने में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की भी प्रशंसा की।




पीके/केसी/डीटी
(रिलीज़ आईडी: 2251066)
आगंतुक पटल : 70