युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पटना में 'नारी शक्ति वंदन' राष्ट्रीय फन रन का आयोजन; मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

प्रविष्टि तिथि: 17 APR 2026 5:35PM by PIB Patna

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में 'मेरा युवा भारत', पटना द्वारा आज 'नारी शक्ति वंदन' थीम पर आधारित एक राष्ट्रीय फन रन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की औपचारिक उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा की गई, जिन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारम्भ किया। यह दौड़ प्रातः 06 बजे मैरिन ड्राइव रेलवे ब्रिज (जे.पी. गंगा पथ) से प्रारम्भ होकर एल.सी.टी. घाट तक कुल 2.5 किमी की दूरी तय करते हुए संपन्न हुई। यह कार्यक्रम नारी शक्ति को सम्मान देने और 'विकसित भारत' के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस आयोजन में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, जीविका, महिला सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, सरकारी अधिकारियों तथा स्कूल-कॉलेज की छात्राओं एवं प्रोफेसरों सहित 5000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह दौड़ एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित होने से प्रशासनिक एवं अन्य क्षेत्रों में उनका प्रतिनिधित्व और भी सशक्त होगा।

श्रेयसी सिंह, विधायक, जमुई ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में सामूहिक भागीदारी और राष्ट्रीय प्रगति की भावना और अधिक मजबूत होगी। 

कार्यक्रम के प्रारम्भ में सभी प्रतिभागियों का पंजीकरण किया गया और दौड़ के सफल समापन के पश्चात उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य अतिथियों ने उपस्थित होकर महिलाओं का हौसला बढ़ाया।

AK


(रिलीज़ आईडी: 2253116) आगंतुक पटल : 49