गृह मंत्रालय
भारत की जनगणना–2027 : डिजिटल युग में प्रवेश, बिहार में स्व-गणना अभियान का शुभारंभ
स्व-गणना में शामिल हुए राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं अन्य महत्वपूर्ण गणमान्य जन
नागरिकों के लिए स्व-गणना सुविधा, 17 अप्रैल से 01 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण
डिजिटल जनगणना से पारदर्शिता और सटीक आंकड़ों को मिलेगा बढ़ावा
बिहार में 02 से 31 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण एवं गणना चरण
प्रविष्टि तिथि:
18 APR 2026 4:25PM by PIB Patna
भारत की जनगणना–2027 के अंतर्गत देश में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसके तहत बिहार में प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ)’ 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित होगी। इस चरण में राज्य के प्रत्येक घर की संरचना, उपलब्ध सुविधाओं, आधारभूत सेवाओं एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जाएगा, जो भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा लोककल्याणकारी नीतियों के निर्धारण का आधार बनेगा। जनगणना–2027 की एक प्रमुख विशेषता स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा है, जिसके माध्यम से बिहार के नागरिक 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक निर्धारित आधिकारिक पोर्टल के जरिए स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

स्व-गणना अभियान के प्रथम दिवस बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष, डॉ. प्रेम कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने स्व-गणना कर बिहारवासियों के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सी. के. अनिल (प्रधान सचिव-सह-राज्य समन्वयक जनगणना, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार), गोपाल मीणा (सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग-सह-राज्यपाल सचिवालय, बिहार) तथा रंजिता (निदेशक-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी) भी उपस्थित रहे।

वहीं स्व-गणना अभियान के द्वितीय दिवस बिहार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त, मिहिर कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने स्व-गणना कर आम नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

निदेशक- जनगणना कार्य रंजिता ने बिहार के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करते हुए निर्धारित अवधि में अपनी जानकारी दर्ज करें तथा भारत की जनगणना–2027 को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें। यह अभियान बिहार और देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधार सिद्ध होगा।
(रिलीज़ आईडी: 2253287)
आगंतुक पटल : 124