रेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गर्मियों के मौसम में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की समीक्षा की

प्रविष्टि तिथि: 23 APR 2026 7:18PM by PIB Delhi

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में अधिकारियों के साथ बैठक में गर्मियों के दौरान चलाई जा रही विशेष ट्रेनों की प्रगति की समीक्षा की।

भारतीय रेलवे यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए उच्च मांग वाले मार्गों और गलियारों पर बड़े पैमाने पर विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है।

गर्मियों के दौरान के व्यस्ततम समय (15 अप्रैल-15 जुलाई 2026) के दौरान, रेलवे कनेक्टिविटी बढ़ाने और भीड़भाड़ कम करने के लिए 18,262 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है। अब तक 11,878 ट्रेनों की अधिसूचना जारी की जा चुकी है और शेष ट्रेनों की अधिसूचना भी यात्रियों की सुविधा के लिए जारी की जा रही है। यह बड़े पैमाने पर संचालन, बेहतर रेल व्यवस्था, अनुकूलित समय-सारणी और निरंतर निगरानी द्वारा समर्थित एक सुनियोजित नज़रिए को दर्शाता है।

नई दिल्ली, मुंबई (एलटीटी, सीएसएमटी, पुणे सहित), सूरत (उधना सहित), अहमदाबाद, बेंगलुरु आदि जैसे स्टेशन क्षेत्रों में यात्रियों की आवाजाही बेहतर करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के तहत, पश्चिमी रेलवे द्वारा उधना स्टेशन पर वास्तविक समय में भीड़ प्रबंधन, बेहतर जमीनी सहायता और कुशल ट्रेन संचालन के ज़रिए किए गए सक्रिय उपाय दर्शाते हैं कि क्षेत्रीय स्तर की पहलें यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव प्रदान करने के राष्ट्रीय प्रयास में किस तरह असरदार साबित हो रही हैं। अपने गृह नगरों की यात्रा करने वाले मुसाफिरों पर खास ध्यान दिया गया है और सुगम बोर्डिंग प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए जमीनी व्यवस्था में सुधार किए गए हैं।

इन कोशिशों के तहत, यात्रियों को उनके गृह नगर जाने में सुविधा प्रदान करने के लिए स्टेशन पर बेहतर और सुव्यवस्थित व्यवस्था लागू की गई है। ट्रेन संख्या 19045 उधना-थावे ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में, आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ने में सहायता की और भीड़ नियंत्रण बनाए रखने तथा यात्रा बेहतर करने के लिए गाड़ी में चढ़ने और बैठने की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से प्रबंधित किया गया।

भारतीय रेलवे व्यस्त यात्रा अवधियों के दौरान यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए वह सक्रिय योजना और त्वरित परिचालन को प्राथमिकता देता है। ये प्रयास गर्मी के मौसम में भीड़भाड़ के दौरान सेवा वितरण में सुधार और सुगम, सुरक्षित तथा परेशानी मुक्त यात्रा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रभावशीलता को दर्शाते हैं।

***

पीके/केसी/एनएस / डीए


(रिलीज़ आईडी: 2254998) आगंतुक पटल : 215
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Punjabi , Gujarati , Odia , Kannada