सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) ऐप 2.0 मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपीडीडीआर) के तहत निगरानी और संस्थागत समन्वय को सुदृढ करने के लिए लॉन्च किया जाएगा
प्रविष्टि तिथि:
24 APR 2026 2:53PM by PIB Delhi
नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा 15 अगस्त 2020 को 272 चिन्हित सबसे संवेदनशील जिलों में शुरू किया गया था और अब इसे 15 अगस्त 2023 से देश के सभी जिलों में विस्तारित कर दिया गया है। नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य आम लोगों तक पहुंचना और मादक पदार्थों के सेवन के बारे में जागरूकता फैलाना है।
अब तक, जमीनी स्तर पर किए गए विभिन्न कार्यकलापों के माध्यम से, देश भर में शैक्षणिक संस्थानों सहित विभिन्न स्तरों पर आयोजित 8.3 लाख से अधिक गतिविधियों के माध्यम से 9.5 करोड़ से अधिक युवाओं, 6.47 करोड़ से अधिक महिलाओं और 28,000 से अधिक कुशल स्वयंसेवकों सहित 26 करोड़ से अधिक लोगों को मादक पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूक किया गया है।
मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपीडीडीआर) के निगरानी एवं कार्यान्वयन ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय नशामुक्त भारत अभियान (एनएएमबीए) ऐप 2.0 का उन्नत संस्करण लॉन्च करेगा। यह उन्नत एप्लिकेशन राज्यों/जिलों और अन्य हितधारकों के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल उपकरण के रूप में डिज़ाइन किया गया है, जो राष्ट्रीय, राज्य, जिला और संस्थागत स्तरों पर कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच वास्तविक समय में रिपोर्टिंग, निगरानी और समन्वय को सुगम बनाएगा। उन्नत संस्करण मौजूदा क्षमताओं को बढ़ाते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और डेटा-आधारित शासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई सुविधाएं प्रदान करता है।
एनएएमबीए ऐप, जो वर्तमान में अधिकृत उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है, राज्यों, जिलों, आध्यात्मिक संगठनों और अन्य हितधारकों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गतिविधियों को अपलोड करने और ट्रैक करने में सहायता करता है। यह ऐप एक समेकित डैशबोर्ड के माध्यम से लगभग वास्तविक समय की जानकारी प्रदान करता है। यह नशा मुक्ति मित्रों के लिए सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री और बुनियादी संचार सहायता प्रदान करके जागरूकता प्रयासों को सुगम बनाने के लिए एक संसाधन मंच के रूप में भी कार्य करता है। ऐप में मास्टर स्वयंसेवकों (नशा मुक्ति मित्रों) को जोड़ने और प्रबंधित करने की एक सरल प्रणाली शामिल है और यह संस्थानों को अपने लोक सम्पर्क के हिस्से के रूप में संकल्प लेने से संबंधित कार्यकलापों को आयोजित करने में सक्षम बनाता है। इसके अतिरिक्त, यह नशा मुक्ति हेल्पलाइन और मानस हेल्पलाइन जैसे प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों तक पहुंच प्रदान करता है, जिनमें नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य सहायता सेवाएं, साथ ही बुनियादी तकनीकी सहायता संपर्क शामिल हैं।
एनएएमबीए ऐप 2.0 में नई सुविधाएं
विद्यमान सुविधाओं के अतिरिक्त, एनएएमबीए ऐप 2.0 के सुदृढ़ीकरण तंत्र में निम्नलिखित भी शामिल होंगे:
- अब नागरिकों के लिए ई-प्रतिज्ञा लेने, आईईसी सामग्री तक पहुंच, हेल्पलाइन सहायता और नशामुक्ति केंद्र के विवरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अनुदान सहायता प्राप्त संस्थानों (जीआईए) के लिए समर्पित पहुंच:
- अब जीआईए को भूमिका-आधारित पहुंच के साथ प्लेटफॉर्म पर शामिल किया जाएगा, जिससे नशामुक्ति केंद्रों पर गतिविधियों की वास्तविक समय में रिपोर्टिंग और निगरानी संभव हो सकेगी।
जीआईए संस्थानों के लिए अनुदान की वास्तविक समय स्थिति:
- इस ऐप में सभी जीआईए की अनुदान स्थिति शामिल है, जो सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और जीआईए के लिए सुलभ है, जिससे अधिक पारदर्शिता, सुव्यवस्थित निधि ट्रैकिंग और अनुदान उपयोग में बेहतर जवाबदेही सुनिश्चित होती है।
'निकटतम नशामुक्ति केंद्र' में निम्नलिखित शामिल हैं :
- यह उपयोगकर्ताओं को निकटतम नशामुक्ति केंद्र की पहचान करने की अनुमति देता है, जिससे त्वरित रेफरल और उपचार सेवाओं तक बेहतर पहुंच संभव हो पाती है।
फीडबैक तंत्र :
- यह आम लोगों को निरंतर सुधार के लिए फीडबैक साझा करने में सक्षम बनाता है।
एनएमबीए 2.0 ऐप का लॉन्च मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के प्रयासों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए संस्थागत तंत्र को सुदृढ करने और डिजिटल प्लेटफार्मों का लाभ उठाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
***
पीके/केसी/एसकेजे/जीआरएस
(रिलीज़ आईडी: 2255288)
आगंतुक पटल : 138