वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीआरआई ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 19.8 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा जब्त किया

प्रविष्टि तिथि: 24 MAY 2026 5:48PM by PIB Lucknow

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) द्वारा विकसित एक विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने 23.05.2026 को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, वाराणसी पर बैंकॉक से वाराणसी आई फ्लाइट संख्या IX-215 से पहुंचे दो यात्रियों को रोका। 

यात्रियों के सामान की जांच के दौरान कई पैकेट बरामद किए गए, जिनमें एक हरे रंग का गांठदार, तेज गंध वाला पदार्थ मिला । उक्त पदार्थ का फील्ड परीक्षण किया गया, जिसमें यह गांजा (Cannabis) पाया गया।

दोनों यात्रियों के सामान से कुल 19.8 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा (हाइड्रोपोनिक वीड) बरामद कर जब्त किया गया। बरामद मादक पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा प्रतीत होता है, जिसे मिट्टी के बिना, पोषक तत्वों से युक्त पानी में नियंत्रित वातावरण में उगाया जाता है। इसकी पोटेंसी सामान्य गांजा से अधिक होती है और अवैध बाजार में इसकी अत्यधिक मांग रहती है।

जब्त मादक पदार्थ की अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग  ₹6.93 करोड़ है। दोनों यात्रियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया   गया है।

मामले की आगे की जांच जारी है। 

****


(रिलीज़ आईडी: 2264913) आगंतुक पटल : 21