गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन 31 जुलाई, 2026 तक

प्रविष्टि तिथि: 05 JUN 2026 3:44PM by PIB Delhi

गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित होने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें 15 मार्च , 2026 से शुरू हो गई हैं। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 है। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी।

पद्म पुरस्कार, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। सन् 1954 में स्थापित ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाते हैं। यह पुरस्कार 'विशिष्ट कार्यों' को मान्यता देने के उद्देश्य से दिया जाता है और कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, जनसंपर्क, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि सभी क्षेत्रों में विशिष्ट एवं असाधारण उपलब्धियों/सेवाओं के लिए प्रदान किया जाता है। जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी लोग इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी, जिनमें डॉक्टर और वैज्ञानिक शामिल नहीं हैं, पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।

सरकार पद्म पुरस्कारों को जनता का पद्म बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अतः सभी नागरिकों से स्वनामांकन सहित नामांकन/सिफारिशें करने का अनुरोध किया जाता है। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांगजनों और समाज की निःस्वार्थ सेवा कर रहे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में मान्यता के योग्य हैं।

नामांकन/सिफारिशों में उपर्युक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में निर्दिष्ट सभी प्रासंगिक विवरण शामिल होने चाहिए, जो संबंधित क्षेत्र/विषय में अनुशंसित व्यक्ति की विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा को स्पष्ट रूप से उजागर करते हों।

इस संबंध में विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in ) और पद्म पुरस्कार पोर्टल ( https://padmaawards.gov.in ) पर 'पुरस्कार और पदक' शीर्षक के अंतर्गत उपलब्ध है। इन पुरस्कारों से संबंधित नियम और विनियम वेबसाइट पर https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.aspx लिंक पर उपलब्ध हैं।

***

पीके/केसी/एके/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2269336) आगंतुक पटल : 261
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Tamil , English , Urdu , Marathi , Bengali , Assamese , Gujarati , Kannada , Malayalam