जल शक्ति मंत्रालय
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान के एक भाग के रूप में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
05 JUN 2026 7:54PM by PIB Delhi
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के राष्ट्रव्यापी आयोजनों और ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत, जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र में वृक्षारोपण अभियान संचालित किया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) के सचिव श्री अशोक के.के. मीणा ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के अपर सचिव और मिशन निदेशक श्री कमल किशोर सोआन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की संयुक्त सचिव एवं मिशन निदेशक सुश्री ऐश्वर्या सिंह, डीडीडब्ल्यूएस के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार श्री साइकत सरकार तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
यह गतिविधि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) द्वारा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) के सहयोग से संचालित ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ (एसजीएसजे) अभियान के तहत आयोजित की गई। यह अभियान 1 से 5 जून 2026 तक देशभर में चलाया गया।
‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान का उद्देश्य मिशन लाइफ, व्यवहार परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही, यह अभियान 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुके ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम, 2026 के बारे में लोगों को जागरूक और संवेदनशील बनाने पर भी केंद्रित है।
यह अभियान आज ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान तथा देशभर की ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं के साथ संपन्न हो रहा है।
आरएसके में वृक्षारोपण अभियान स्वच्छता को पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ने पर डीडीडब्ल्यूएस के निरंतर ध्यान को दर्शाता है।
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2269679)
आगंतुक पटल : 52