युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कल विकसित भारत युवा संसद 2026 का उद्घाटन करेंगे


बहस से संकल्प तक: नारी शक्ति वंदन: समावेशिता और विकसित भारत 2047 को गति देने विषय पर युवा चर्चा करेंगे

युवाओं को संसदीय कार्यवाही का प्रत्यक्ष अनुभव और शासन की समझ प्राप्त होगी

युवाओं के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण और शासन में यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा

प्रविष्टि तिथि: 15 JUN 2026 2:06PM by PIB Delhi

युवा कार्य और खेल मंत्रालय, केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में 15 से 17 जून, 2026 तक नई दिल्ली में विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन कर रहा है। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला 16 जून, 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर विकसित भारत युवा संसद का उद्घाटन करेंगे। पिछले सफल आयोजनों के आधार पर, यह अग्रणी पहल लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी को नए सिरे से परिभाषित करती है। इस आयोजन से युवा नागरिकों को शासन, नीतिगत विचार-विमर्श और संसदीय कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ प्राप्त हो सकेगी।

विकसित भारत युवा संसद महज एक कार्यक्रम नहीं है। यह एक ऐसा आंदोलन है जो भारत के युवाओं की ऊर्जा, विचारों और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय चर्चा में शामिल करता है। सेंट्रल हॉल में लिए जाने वाले संकल्प इन तीन दिनों से कहीं आगे तक गूंजेंगे और युवा नेताओं की एक पीढ़ी को विकसित भारत 2047 की ओर यात्रा की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित करेंगे।

यह कार्यक्रम तीन प्रगतिशील चरणों में होना है, जिनमें से प्रत्येक को युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने के हिसाब से तैयार किया गया है:

जिला नोडल चरण:

  • आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक विषय पर 757 नोडल विश्वविद्यालयों/संस्थानों में व्यापक विचार-विमर्श आयोजित किए गए, जिससे यह चर्चा देश के हर कोने तक पहुंची।
  • प्रत्येक जिले से शीर्ष 5 प्रतिभागियों को राज्य-स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिला।

राज्य स्तरीय चरण:

  • सभी राज्यों की विधानसभाओं और प्रमुख सरकारी स्थलों पर आयोजित चर्चाओं ने युवाओं को केंद्रीय बजट 2026: युवा शक्ति संचालित बजट से संबंधित क्षेत्रीय शासन संरचनाओं की सार्थक जानकारी प्रदान की।
  • राज्य विधानसभा अध्यक्षों एवं राज्यपालों की अध्यक्षता में आयोजित इन सत्रों ने सार्वजनिक चर्चा में युवाओं की आवाज के महत्व को बढ़ाया।

राष्ट्रीय चरण ( 15-17 जून , 2026) :

  • सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधि भव्य समापन समारोह के लिए नई दिल्ली में एकत्रित होंगे।
  • इस राष्ट्रीय चरण में गतिविधियों का एक समृद्ध कार्यक्रम शामिल है:
  • आरंभिक टिप्पणी: प्रत्येक टीम से एक प्रतिनिधि नारी शक्ति वंदन: समावेशिता को बढ़ावा देना और विकसित भारत 2047 विषय पर सदन को संबोधित करेगा। प्रत्येक प्रतिनिधि को बोलने के लिए 3 मिनट का समय मिलेगा।
  • प्रश्नकाल: संसद की भावना के अनुरूप, टीमें प्रश्न पूछेंगी और उनका उत्तर देंगी। प्रश्न पूछने के लिए 3 मिनट और उत्तर देने के लिए 3 मिनट दिए जाएंगे।
  • मास्टरक्लास: एक विशिष्ट व्यक्ति भाषण कला और सार्वजनिक अभिव्यक्ति पर एक मास्टरक्लास का संचालन करेंगे जिससे भाग लेने वाले युवाओं के नेतृत्व कौशल को निखारा जा सकेगा।
  • प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा: प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री संग्रहालय के दौरे के माध्यम से भारत की समृद्ध राजनीतिक विरासत और नेतृत्व की परंपरा का अन्वेषण करेंगे।
  • नए संसद भवन का दौरा: भारत के नए संसद भवन का एक प्रेरणादायक भ्रमण, जो प्रतिभागियों को राष्ट्र के लोकतंत्र के केंद्र से प्रत्यक्ष जुड़ाव प्रदान करता है।
  • पुरस्कार समारोह: युवा प्रतिभागियों के उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने के लिए 17 जून को विकसित भारत युवा संसद 2026 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

**-*

पीके/केसी/बीयू/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2272951) आगंतुक पटल : 232
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Gujarati , Tamil , Telugu_Vw , Telugu , Kannada , Malayalam