कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह कल श्रीनगर में 59वीं सेवानिवृत्ति पूर्व-परामर्श कार्यशाला, बैंकर जागरूकता कार्यक्रम और पेंशन वितरित करने वाले बैंकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे


सेवानिवृत्ति पूर्व परामर्श कार्यशाला से 300 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभान्वित होंगे

प्रविष्टि तिथि: 15 JUN 2026 3:23PM by PIB Delhi

केन्‍द्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग कल 16 जून, 2026 को श्रीनगर स्थित कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के सेवानिवृत्त केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए 59वीं सेवानिवृत्ति पूर्व-परामर्श कार्यशाला और 13वां बैंकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय तथा कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

यह कार्यशाला पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के जीवन सुगम बनाने के सरकार के प्रयास के तहत आयोजित की जा रही है। विभाग ने पेंशन नीति और पेंशन प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण की कई प्रगतिशील पहल भी आरंभ की है। इनका क्रियान्‍वयन पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से किया जा रहा है।

अगले 12 महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले जम्मू-कश्मीर के लगभग 300 केंद्र सरकार के कर्मचारियों, के इस कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्ति लाभ, केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना, साइबर सुरक्षा, निवेश उपाय, भविष्य पोर्टल, एकीकृत पेंशनभोगी पोर्टल, पारिवारिक पेंशन, केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली-सीपीईएनग्राम्स, सेवानिवृत्त होने वाले केंद्रीय कर्मचारियों के अनुभव साझा करने का डिजिटल प्लेटफॉर्म-अनुभव पोर्टल और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सत्र शामिल होंगे।

पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग जम्मू-कश्मीर बैंक के सहयोग से बैंकर्स जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य पेंशन वितरण करने वाले बैंकों को केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों पर लागू पेंशन संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं से अवगत कराना है।

कार्यशाला के साथ ही पेंशन वितरण करने वाले बैंकों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें बारह बैंकों के भाग लेने की संभावना है जो पेंशन संबंधी बैंकिंग सेवाओं, पेंशन खातों और संबंधित वित्तीय उत्पादों के बारे में जानकारी देंगे।

***

पीके/केसी/एकेवी/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2273049) आगंतुक पटल : 104
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil