युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मुंबई में फिट इंडिया साइक्लोथॉन 'साइक्लिंग बाय द सी' का नेतृत्व किया


मुंबई में आयोजित 'समुद्र किनारे साइकिलिंग' नामक फिट इंडिया साइक्लोथॉन के साथ प्रधानमंत्री के फिट इंडिया विजन को गति मिली

“एक स्वस्थ नागरिक एक स्वस्थ समाज में योगदान देता है  और एक स्वस्थ समाज एक समृद्ध राष्ट्र की नींव है”: डॉ. मनसुख मांडविया

जैकी श्रॉफ, ताहा शाह बादुशा, ऐश्वर्या राज भाकुनी और ओलंपियन नरसिंग यादव ने फिटनेस को बढ़ावा देने में नागरिकों का साथ दिया

प्रविष्टि तिथि: 17 JUN 2026 12:30PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से एक स्वस्थ, तंदुरुस्त और अधिक सक्रिय राष्ट्र के निर्माण के अनुरूप आज मुंबई के वर्ली तटीय साइकिल ट्रैक पर फिट इंडिया साइक्लोथॉन-समुद्र के किनारे साइकिलिंग को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस आयोजन में फिटनेस के शौकीन, साइकिल चालक, युवा और जीवन के सभी क्षेत्रों से जुड़े नागरिक एक साथ शामिल हुए, जिससे फिटनेस और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति बढ़ती सार्वजनिक प्रतिबद्धता की पुष्टि हुई।

डॉ. मांडविया ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों के साथ उसमें शामिल हुए। उन्होंने फिटनेस को जन आंदोलन बनाने और सक्रिय एवं स्वस्थ जीवन शैली के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

इस कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ, ताहा शाह बादुशा और ऐश्वर्या राज भाकुनी के साथ-साथ ओलंपिक पहलवान और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नरसिंग यादव भी शामिल थे।

डॉ. मांडविया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने निरंतर स्वस्थ भारत के मूलमंत्र के रूप में फिटनेस की वकालत की है। फिट इंडिया मूवमेंट देशभर के नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

मंत्री जी ने साइकिल चलाने के व्यापक महत्व पर प्रकाश डालते हुए टिकाऊ परिवहन साधनों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया की स्थिति से उत्पन्न ईंधन आपूर्ति संबंधी चिंताओं को देखते हुए टिकाऊ और ऊर्जा-कुशल परिवहन साधन के रूप में साइकिल चलाने को बढ़ावा देना आवश्यक है। साइकिल चलाना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि पर्यावरण स्थिरता और ऊर्जा संरक्षण में भी योगदान देता है।

डॉ. मांडविया ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट में पिछले दो वर्षों में लाखों नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई है, जो पूरे देश में फिटनेस की बढ़ती संस्कृति को दर्शाती है।

उन्होंने साइकिल चलाने को एक शक्तिशाली फिटनेस मंत्र बताते हुए कहा कि यह शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार करके कई लाभ प्रदान करता है।

मंत्री ने फिटनेस को राष्ट्रीय विकास का एक प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा, “एक स्वस्थ नागरिक एक स्वस्थ समाज में योगदान देता है और एक स्वस्थ समाज एक समृद्ध राष्ट्र की नींव है। इसलिए फिटनेस एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मार्ग है।

उल्‍लेखनीय है कि फिट इंडिया साइक्लोथॉन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और नियमित शारीरिक गतिविधि के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करने के निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है। ऐसी पहलों के माध्यम से सरकार का लक्ष्य फिट इंडिया मूवमेंट के तहत परिकल्पित फिटनेस और जनभागीदारी की संस्कृति को मजबूत करना और 2047 तक एक विकसित भारत की ओर यात्रा को और तेज करना है।

***

पीके/केसी/पीसी/वाईबी


(रिलीज़ आईडी: 2274029) आगंतुक पटल : 93
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Bengali , Gujarati , Tamil