सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति
प्रविष्टि तिथि:
17 JUN 2026 5:34PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग (एनएससी) की स्थापना 2005 में देश की सभी प्रमुख सांख्यिकी गतिविधियों के लिए एक नोडल निकाय के रूप में कार्य करने, सांख्यिकी प्राथमिकताओं और मानकों को विकसित करने, उनकी निगरानी करने और उन्हें लागू करने तथा सांख्यिकी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए की गई थी। आयोग में एक अंशकालिक अध्यक्ष, सांख्यिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता और अनुभव रखने वाले चार अंशकालिक सदस्य और नीति आयोग के सीईओ पदेन सदस्य के रूप में शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव, एनएससी के सचिव होते हैं।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति को निम्नलिखित रूप से अनुमोदित किया है:
- डॉ. सैबल चट्टोपाध्याय, अध्यक्ष
- प्रो. शुभब्रता दास, सदस्य
- श्री सत्येन्द्र बहादुर सिंह, सदस्य
- डॉ. माधवन मुकुंद, सदस्य
डॉ. सैबल चट्टोपाध्याय इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कोलकाता के पूर्व निदेशक हैं। उन्होंने अमेरिका के स्टॉर्स स्थित कनेक्टिकट विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में पीएचडी और एमएस की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में एमएससी और बीएससी की उपाधि भी प्राप्त की है। उनकी विशेषज्ञता के क्षेत्रों में अनुमान लगाने की अनुक्रमिक विधियां, चयन और रैंकिंग संबंधी समस्याएं, सीमित जनसंख्या और सर्वेक्षण नमूनाकरण पर अनुमान, पर्यावरणीय स्वास्थ्य और नैदानिक अध्ययनों में बहु-स्तरीय नमूनाकरण विधियां और उन्नत विपणन अनुसंधान में मात्रात्मक तकनीकें शामिल हैं।
प्रोफेसर शुभब्रता दास बैंगलोर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में प्रोफेसर हैं। उन्होंने चैपल हिल स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ कैरोलिना से सांख्यिकी में पीएचडी और एमएस तथा कोलकाता स्थित भारतीय सांख्यिकी संस्थान से सांख्यिकी में एम.स्टैट और बी.स्टैट की उपाधि प्राप्त की है। सांख्यिकी, परिचालन अनुसंधान, बीमांकिक गणित, फजी डेटा विश्लेषण, मापन और स्केलिंग, प्रबंधन, सामाजिक, पर्यावरण और अन्य विषयों में उनकी विशेषज्ञता है।
श्री सत्येंद्र बहादुर सिंह भारतीय सांख्यिकी सेवा के 1987 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जिनका भारत सरकार में तीन दशकों से अधिक की सेवा का करियर रहा है और उन्हें आधिकारिक सांख्यिकी, आर्थिक सांख्यिकी, श्रम और रोजगार सांख्यिकी, नीतिगत सहायता, प्रशिक्षण और प्रशासन में अनुभव है।
डॉ. माधवन मुकुंद चेन्नई गणित संस्थान के निदेशक हैं। उन्होंने डेनमार्क के आरहस विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान में पीएचडी और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक की उपाधि प्राप्त की है।
राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग सांख्यिकी प्रणाली से संबंधित राष्ट्रीय नीतियों और प्राथमिकताओं को विकसित करने, आधिकारिक आंकड़ों में जनता का विश्वास बढ़ाने के उपायों और सांख्यिकी के विभिन्न क्षेत्रों में मानक सांख्यिकी अवधारणाओं, परिभाषाओं, वर्गीकरणों और कार्यप्रणालियों को निर्धारित करने, मुख्य सांख्यिकी पर राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक निर्धारित करने और मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उपायों की सिफारिश करने के लिए उत्तरदायी है। एनएससी के कार्यों में सांख्यिकी गतिविधियों पर राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों के साथ प्रभावी समन्वय के उपाय विकसित करना, साथ ही मंत्रालयों, विभागों और केंद्र सरकार की अन्य एजेंसियों के बीच सांख्यिकी समन्वय स्थापित करना और सांख्यिकी उत्पादों की गुणवत्ता और अखंडता सुनिश्चित करने के लिए सांख्यिकी गतिविधियों का सांख्यिकी लेखापरीक्षा करना भी शामिल है। आयोग निर्धारित नीतियों, मानकों और कार्यप्रणालियों के आलोक में सांख्यिकी प्रणाली के कामकाज की निगरानी और समीक्षा करता है और बेहतर प्रदर्शन के लिए उपायों की सिफारिश करता है।
***
पीके/केसी/पीसी/वाईबी
(रिलीज़ आईडी: 2274185)
आगंतुक पटल : 145