निर्वाचन आयोग
azadi ka amrit mahotsav

आईआईआईडीईएम ने 15वां स्थापना दिवस मनाया


क्षमता निर्माण और रणनीतिक रोडमैप पर दो दिवसीय सम्मेलन संपन्न

प्रविष्टि तिथि: 17 JUN 2026 7:23PM by PIB Delhi
  1. भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) ने आज अपना 15वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए आईआईआईडीईएम ने 16-17 जून, 2026 को नई दिल्ली मेंक्षमता निर्माण और रणनीतिक रोडमैपविषय पर एक दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया।
  2. उपलब्धियों की समीक्षा करने, उभरती प्राथमिकताओं पर चर्चा करने और चुनावी क्षमता निर्माण की भविष्य की दिशा तय करने के लिए इस कार्यक्रम में 450 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 250 राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर, शैक्षणिक भागीदार, आईआईआईडीईएम के 80 प्रतिभागी, भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के 30 अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) दिल्ली के 100 बीएलओ पर्यवेक्षक शामिल हुए।
  3. मुख्य सत्र (प्लेनरी सेशन) के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन प्रशिक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में 15 वर्ष पूरे करने पर आईआईआईडीईएम की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान संस्थान लगभग 1.8 करोड़ अधिकारियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी निभाता है, ताकि वे संविधान, कानूनों और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप कार्य कर सकें।
  4. भारत की इंटरनेशनल आईडीईए की अध्यक्षता का उल्लेख करते हुए निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि आईआईआईडीईएम, भारत की अध्यक्षता अवधि के बाद भी वैश्विक स्तर की चुनाव प्रबंधन प्रशिक्षण संस्था के रूप में अपनी भूमिका निभाता रह सकता है।
  5. आईआईआईडीईएम के महानिदेशक श्री राकेश वर्मा ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि आईआईआईडीईएम चुनाव प्रबंधन में प्रशिक्षण के लिए एक अनूठा संस्थान है जो पारस्परिक ज्ञान निर्माण और साझाकरण के लिए भारतीय चुनावों को संपन्न कराने का व्यापक अनुभव रखने वाले पेशेवरों के साथ-साथ शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं को ज्ञान निर्माण और साझेदारी के लिए एक मंच पर लाती है।
  6. यह सम्मेलन चार रणनीतिक स्तंभों पर केंद्रित था, अर्थात् - राष्ट्रीय कार्यक्रमों को मजबूत करना, वैश्विक कार्यक्रमों और जुड़ाव का विस्तार करना, अनुसंधान और ज्ञान विकास को प्रोत्साहित करना तथा सतत लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना।
  7. सम्मेलन के पहले दिन राष्ट्रीय प्रशिक्षण नीति के मसौदे, राज्य/जिला/विधानसभा स्तर पर प्रशिक्षण मानकों, निर्वाचन प्रबंधन निकायों के लिए नए कार्यक्रमों सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा सत्रों में जमीनी स्तर के चुनाव पदाधिकारियों के प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता के लिए वीडियो और नाटकों की पटकथाओं (स्क्रिप्ट) की समीक्षा भी शामिल रही।
  8. दूसरे दिन एसटीएनओ, एनएलएमटी और एसएलएमटी के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्ससत्र, शैक्षणिक विशेषज्ञों द्वारा थीमैटिक समूहों की प्रगति की समीक्षा तथा निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस समारोह से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
  9. वर्ष 2011 से अब तक आईआईआईडीईएम ने 1,885 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिनके माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यमों से 1,20,883 प्रतिभागियों तक पहुंच बनाई गई है। आईआईआईडीईएम के अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण का दायरा 142 देशों तक फैला हुआ है।
  10. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के सहयोग से आईआईआईडीईएम प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, अनुसंधान एवं ज्ञान विकास तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रचार-प्रसार के माध्यम से विश्वभर में लोकतांत्रिक शासन और चुनाव प्रबंधन को सशक्त बनाने में योगदान दे रहा है।

***

पीके / केसी / केजे / डीए


(रिलीज़ आईडी: 2274268) आगंतुक पटल : 175
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil