विद्युत मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत 25-26 जून 2026 को गुरुग्राम में 11वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा


सभी के लिए ऊर्जा; एक सुरक्षित, टिकाऊ और साझा भविष्य को शक्ति प्रदान करना

प्रविष्टि तिथि: 21 JUN 2026 3:48PM by PIB Delhi

भारत 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 25-26 जून 2026 को गुरुग्राम, हरियाणा में 11 वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और नवाचार पर सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सभी ब्रिक्स सदस्य देशों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी एक साथ आएंगे। भारत की यह चौथी ब्रिक्स अध्यक्षता है, इससे पहले वह 2012, 2016 और 2021 में भी इस अध्यक्षता का हिस्सा रह चुका है।

2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता "लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण (ब्रिक्स)" के व्यापक विषय द्वारा निर्देशित है। ऊर्जा ट्रैक के अंतर्गत, भारत ने " सर्वेषां ऊर्जम् " (सभी के लिए ऊर्जा) विषय को अपनाया है, जो सार्वभौमिक ऊर्जा पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आज ब्रिक्स में 11 देश शामिल हैं - ब्राज़ील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात, ये सभी देश मिलकर दुनिया की लगभग आधी आबादी और वैश्विक जीडीपी के करीब 40 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं।

सुरक्षित और टिकाऊ ऊर्जा भविष्य के लिए ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करना

ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया भर के देश जलवायु परिवर्तन, तकनीकी बदलाव और बढ़ती ऊर्जा मांग की चुनौतियों से निपटते हुए ऊर्जा सुरक्षा, किफायती दाम और स्थिरता के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

ब्रिक्स ऊर्जा एजेंडा की प्राथमिकताएं भारत के सतत विकास के रास्ते से काफी मेल खाती हैं। भारत का यह रास्ता बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने, ऊर्जा सुरक्षा और ऊर्जा तक पहुंच को बेहतर बनाने, ग्रिड की मजबूती बढ़ाने, सप्लाई के स्रोतों में विविधता लाने और अपने ऊर्जा मिश्रण में स्वच्छ ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ाने पर केंद्रित है।

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स ऊर्जा एजेंडा को तीन व्यापक प्राथमिकताओं के इर्द-गिर्द संरचित किया गया है:

  1. ऊर्जा सुरक्षा और स्थिरता
  • ii. ऊर्जा तक पहुंच और समानता
  1. प्रौद्योगिकी और नवाचार

भारत का ऊर्जा परिवर्तन: विकसित भारत 2047 की यात्रा को गति देना

विश्व में बिजली के तीसरे सबसे बड़े उत्पादक और उपभोक्ता होने के साथ-साथ सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक होने के नाते, भारत सुरक्षित, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा को अपने विकसित भारत 2047 विजन का एक आधारशिला मानता है।

यह बैठक भारत को एक सतत और भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा प्रणाली के निर्माण में हुई अपनी महत्वपूर्ण प्रगति को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी। पिछले एक दशक में, भारत ने अपनी सौर ऊर्जा क्षमता को 50 गुना से अधिक बढ़ाया है, 6 करोड़ से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए हैं और 2032 तक 410 गीगावाट घंटे की ऊर्जा भंडारण क्षमता हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।

भारत ने अपने विद्युत पारेषण और वितरण अवसंरचना को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सुधार भी किए हैं। देश ने नवीकरणीय ऊर्जा के व्यापक एकीकरण को सुगम बनाने के लिए अपने राष्ट्रीय पारेषण नेटवर्क का विस्तार किया है, हरित ऊर्जा गलियारों के विकास में तेजी लाई है, पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) को लागू किया है और वन सन वन वर्ल्ड वन ग्रिड (ओएसओडब्ल्यूओजी) जैसी प्रमुख पहलों के माध्यम से क्षेत्रीय ग्रिड अंतर्संबंधों को बढ़ावा दिया है।

भारत ने जैव ईंधन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें 20% इथेनॉल मिश्रण हासिल करना और हाल ही में 80-85 प्रतिशत इथेनॉल युक्त उच्च-इथेनॉल मिश्रण E85 ईंधन की शुरुआत करना शामिल है। ये पहलें ऊर्जा मिश्रण में विविधता लाने, ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने और उत्सर्जन कम करने के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

वैश्विक स्तर पर, भारत ने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन जैसी अग्रणी पहलों के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा सहयोग के एक प्रमुख समर्थक के रूप में उभर कर एक समावेशी और टिकाऊ ऊर्जा भविष्य को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका को मजबूत किया है।

अध्यक्ष के तौर पर, भारत 'ग्लोबल साउथ' की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा, मज़बूत सप्लाई चेन, इनोवेशन और टिकाऊ विकास के क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास करेगा। ऊर्जा के क्षेत्र में तेज़ी से बदलते और अनिश्चित वैश्विक माहौल में, ब्रिक्स देशों के बीच मज़बूत सहयोग का महत्व और भी बढ़ जाता है।

संवाद और ज्ञान साझाकरण के माध्यम से सहयोग को आगे बढ़ाना

ब्रिक्स एनर्जी ट्रैक के तहत चर्चा को आगे बढ़ाने और मंत्रियों द्वारा विचार के लिए सिफारिशें विकसित करने के लिए, वरिष्ठ ऊर्जा अधिकारियों की तीन बैठकें पहले ही वर्चुअल मोड में बुलाई जा चुकी हैं। इसके अलावा, ब्रिक्स सदस्य देशों की सक्रिय भागीदारी के साथ 'ऊर्जा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका' और 'कार्बन कैप्चर, उपयोग और भंडारण (सीसीयूएस) प्रौद्योगिकियों में प्रगति' विषयों पर वर्चुअल मोड में दो सेमिनार आयोजित किए गए।

इन बैठकों से मुख्य प्राथमिकताओं पर आम सहमति बनाने और ब्रिक्स देशों के बीच गहरे सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिली है।

निर्धारित कार्यक्रम

  1. वरिष्ठ ऊर्जा अधिकारियों की ब्रिक्स समिति की चौथी बैठक: 22-24 जून 2026, गुरुग्राम
  • ii. अन्य विषय: स्वच्छ कोयला प्रौद्योगिकी और विद्युत उपकरणों के मानकों में सुधार
  1. 11 वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक: 25-26 जून 2026, गुरुग्राम
  2. ब्रिक्स युवा ऊर्जा शिखर सम्मेलन (वर्चुअल): 17-18 अगस्त 2026

11 वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक से ऊर्जा सुरक्षा, नवाचार और सतत विकास पर ब्रिक्स सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद है, साथ ही सुरक्षित, किफायती, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा प्रणालियों की दिशा में व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। यह बैठक भारत के लिए 'ग्लोबल साउथ' की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और समावेशी वैश्विक ऊर्जा भविष्य को आकार देने में योगदान करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान करेगी।

*******

पीके/केसी/जीके


(रिलीज़ आईडी: 2276274) आगंतुक पटल : 133
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil