पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग भारत का सबसे शक्तिशाली वैश्विक कल्याण आंदोलन बनेगा: श्री सर्बानंद सोनोवाल


प्राचीन भारतीय परंपरा से वैश्विक जन-आंदोलन तक, योग आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती सॉफ्ट पावर का प्रतीक है : श्री सर्बानंद सोनोवाल

मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर योग दिवस समारोह में हजारों लोग शामिल हुए, जो एक स्वस्थ और अधिक अनुशासित समाज के निर्माण में योग की भूमिका को दोहराता है: श्री सर्बानंद सोनोवाल

मुंबई पोर्ट प्राधिकरण (एमबीपीए) के योग दिवस समारोह में शहर और पोत परिवहन क्षेत्र से 10,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया

प्रविष्टि तिथि: 21 JUN 2026 5:52PM by PIB Delhi

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग दुनिया के लिए भारत के सबसे प्रभावशाली योगदानों में से एक बनकर उभरा है, जिसने प्राचीन सभ्यतागत विरासत को स्वास्थ्य, सद्भाव और समग्र कल्याण के लिए एक वैश्विक आंदोलन में तब्दील कर दिया है।

मुंबई के प्रतिष्ठित गेटवे ऑफ इंडिया पर मुंबई पोर्ट प्राधिकरण (एमबीपीए) द्वारा आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए श्री सोनोवाल ने कहा कि योग की वैश्विक स्वीकृति भारत की बढ़ती सॉफ्ट पावर को दर्शाती है और यह दिखाती है कि भारत का शाश्वत ज्ञान कल्याण आज वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं सतत जीवनशैली संबंधी विमर्शों को नया आकार दे रहा है।

श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक वैश्विक जन-आंदोलन बन गया है। जो योग कभी हमारे घरों, आश्रमों और समुदायों तक सीमित था, उसे आज दुनिया भर के महाद्वीपों में अपनाया जा रहा है। योग भारत की सभ्यतागत बुद्धिमत्ता का प्रतीक बन चुका है, जिसने भारत के सांस्कृतिक प्रभाव और वैश्विक वेलनेस नेतृत्व को और सशक्त किया है।

इस समारोह में मुंबई पोर्ट प्राधिकरण के विभिन्न स्थलों पर 10,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिनमें गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लगभग 5,000 प्रतिभागी शामिल हुए। इनमें नाविक, एनसीसी कैडेट, सीआईएसएफ कर्मी, स्कूली छात्र, समुद्री क्षेत्र के पेशेवर, बंदरगाह कर्मचारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक शामिल हुए।

प्रतिभागियों ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन और योग सत्र का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री का संबोधन और योग सत्र कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसके बाद प्रशिक्षित प्रशिक्षकों ने गेटवे ऑफ इंडिया तथा मुंबई पोर्ट प्राधिकरण के अन्य स्थलों पर कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का संचालन किया।

श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों ने न केवल संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से योग को वैश्विक मान्यता दिलाई है, बल्कि भारत को निवारक स्वास्थ्य देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली अग्रणी आवाज के रूप में भी स्थापित किया है।

उन्होंने कहा, “योग केवल व्यायाम का एक रूप नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक पद्धति है, जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और आंतरिक संतुलन को विकसित करती है। आज योग को जो वैश्विक मान्यता हासिल हुई है वह मानवता के कल्याण के लिए भारत की प्राचीन ज्ञान परंपराओं को विश्व के साथ साझा करने के प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, सांसद निशिकांत दुबे और रवि किशन, एमसीजीएम पार्षद हर्षिता नार्वेकर, महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य विवेक कोल्हे, मुंबई पोर्ट प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. एम. अंगमुथु, उपाध्यक्ष आदेश तितरमारे, नौवहन महानिदेशक श्याम जगन्नाथन, अभिनेत्री ईशा देओल और नीतू चंद्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।

गेटवे ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यक्रम के अलावा, जवाहर द्वीप, पीर पाऊ, तेजपाल नगर स्थित अग्निशमन केंद्र, मझगांव और कोलाबा की आवासीय कॉलोनियों, डॉक क्षेत्र के अस्पतालों तथा मुंबई बंदरगाह में लंगर डाले लगभग 20 जहाजों, पोतों और टग नौकाओं पर आयोजित योग सत्रों में भी लगभग 5,000 लोगों ने भाग लिया।

इस वर्ष  "स्वस्थ आयु के लिए योग" विषय के तहत आयोजित समारोहों में स्वस्थ जीवनशैली, सक्रिय वृद्धावस्था और सभी पीढ़ियों के लिए बेहतर जीवन गुणवत्ता को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य, अनुशासन और कल्याण के मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ हुआ। इस अवसर पर समुद्री समुदाय, सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों ने भारत के विश्व को दिए गए इस अमूल्य उपहार का साझा उत्सव मनाया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0010DV4.jpg https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002QAH3.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003HCZS.jpg https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004KF49.jpg

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005179W.jpg https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00658GL.jpg

***

पीके/केसी/केजे/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2276306) आगंतुक पटल : 117
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Tamil