उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल द्वारा बारकतुल्लाह विश्वविद्यालय में ‘मानक मंथन’ आयोजित


ड्राफ्ट भारतीय मानक “यीस्ट एक्सट्रैक्ट, माइक्रोबायोलॉजिकल ग्रेड — विशिष्टि” पर विशेषज्ञों ने दिए सुझाव

प्रविष्टि तिथि: 30 JUN 2026 5:42PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग, बारकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल के सहयोग से मंगलवार को ड्राफ्ट भारतीय मानक “यीस्ट एक्सट्रैक्ट, माइक्रोबायोलॉजिकल ग्रेड — विशिष्टि” [FAD 31 (33528) WC] पर मानक मंथन का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं परिचय सत्र से हुआ। इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, भोपाल के वैज्ञानिक-बी एवं सहायक निदेशक श्री किशन कन्हैया लाल ने भारतीय मानक ब्यूरो की गतिविधियों तथा भारतीय मानकों के निर्माण एवं संशोधन की प्रक्रिया में हितधारकों की सक्रिय सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ड्राफ्ट मानक के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए तकनीकी चर्चा का संचालन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. अनीता तिलवारी ने प्रतिभागियों को ड्राफ्ट मानक को अधिक व्यावहारिक, प्रभावी एवं उपयोगी बनाने के उद्देश्य से रचनात्मक सुझाव देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गुणवत्ता एवं सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने में भारतीय मानक ब्यूरो और बारकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। तकनीकी चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने यीस्ट एक्सट्रैक्ट के उपयोग एवं क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर अपने सुझाव एवं टिप्पणियाँ साझा कीं। प्राप्त सुझावों और टिप्पणियों का संकलन कर संबंधित सेक्शनल कमेटी को मानक को अंतिम रूप दिए जाने से पूर्व विचारार्थ भेजा जाएगा।

***


(रिलीज़ आईडी: 2279441) आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English