ग्रामीण विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

बाढ़ प्रभावित अरुणाचल में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ हवाई सर्वेक्षण और जमीनी दौरा


श्री शिवराज सिंह ने बाढ़ पीड़ितों को दिया भरोसा, हर प्रभावित परिवार को मिलेगी मदद

दुःख बाँटने से कम होता है, आप अकेले नहीं हैं– श्री शिवराज सिंह ने बहनों और जनता से मिलकर सुनी पीड़ा

प्राकृतिक संकट में जनता के बीच पहुंचकर बोले श्री शिवराज सिंह- नुकसान का होगा पूरा आकलन

खेत, घर, पशुधन; हर नुकसान की भरपाई का केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने दिया आश्वासन

केंद्र-राज्य सरकार पूरी ताकत से राहत कार्यों में जुटी हैं- केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि व ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कम्युनिटी वर्क को सराहा, राहत कार्यों में खुद भी बंटाया हाथ

प्रविष्टि तिथि: 01 JUL 2026 1:32PM by PIB Delhi

अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार इस संकट में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने केयी पान्योर जिले समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके साथ ही वे सड़क मार्ग से भी गांवों में पहुंचे और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पीड़ितों से मुलाकात के दौरान श्री शिवराज सिंह चौहान ने भावुक अंदाज में कहा कि दुःख बांटने से ही कम होता है और संकट की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही जीवन की सार्थकता है। उन्होंने विशेष रूप से बहनों से बात करते हुए भरोसा दिलाया कि वे अकेली नहीं हैं और केंद्र तथा राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा और जिनके घर बह गए हैं, उनके लिए नए मकान बनवाए जाएंगे। खेतों में हुए नुकसान, फसलों की बर्बादी, पशुधन हानि; सभी का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाएगा। तत्काल राहत के रूप में राशन और आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वयं स्थिति को लेकर चिंतित हैं और प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत केंद्र सरकार की टीम राज्य के साथ मिलकर लगातार राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटी है।

दौरे के दौरान श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे सामुदायिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) बनाने के काम में खुद भी हाथ बंटाया और कहा कि समाज की यह भागीदारी प्रेरणादायक है। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से भारी तबाही हुई है और नुकसान का लगातार आकलन किया जा रहा है, लेकिन इसके बीच सबसे सराहनीय बात यह है कि स्थानीय समुदाय ने सरकार का इंतजार किए बिना खुद आगे बढ़कर समाधान की पहल की है।

उन्होंने कहा कि गांव के भाई-बहनों ने बिना किसी औपचारिक स्वीकृति या अनुमान के नदी के पानी को दोबारा गांव में घुसने से रोकने के लिए प्रोटेक्शन वॉल बनाने का कार्य अपने हाथों में लिया है जो अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने इस सामुदायिक भावना को प्रणाम करते हुए कहा कि यदि समाज इस तरह जागरूक और सक्रिय हो तो कई बड़े काम स्वतः संभव हो जाते हैं। श्री शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएगी और राहत पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार भी हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।

इससे पहले ईटानगर स्थित लोकभवन में उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक से शिष्टाचार भेंट की और इस दौरान राहत कार्यों के बारे में भी चर्चा की। श्री शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा जताया कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से इस संकट से जल्द ही उबर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर इस कठिन समय को पार करेंगे, अरुणाचल फिर मुस्कुराएगा।

*****

 

आरसी/एमएस


(रिलीज़ आईडी: 2279749) आगंतुक पटल : 53