सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार द्वारा जयपुर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों के लिए उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 06 JUL 2026 5:55PM by PIB Jaipur

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) की पहल नेशनल एससी-एसटी हब (National SC-ST Hub - NSSH) के अंतर्गत 7 जुलाई 2026 को जयपुर में अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) उद्यमियों के लिए उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम (Entrepreneur Awareness & Special Vendor Development Programme - EA & SVDP) का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन द नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NSIC) द्वारा दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DICCI), राजस्थान चैप्टर के सहयोग से डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, 13-14, झालाना इंस्टीट्यूशनल एरिया, जयपुर में किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों को सरकारी खरीद नीति, विक्रेता विकास के अवसरों, एमएसएमई सहायता योजनाओं, वित्तीय सहायता, गुणवत्ता मानकों, डिजिटल खरीद प्लेटफॉर्म तथा क्षमता निर्माण संबंधी पहलों के बारे में जागरूक करना है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को केंद्रीय मंत्रालयों, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (CPSEs), वित्तीय संस्थानों तथा खरीद एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर भी प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में जयपुर एवं आसपास के जिलों से 200 से अधिक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों तथा इच्छुक उद्यमियों के भाग लेने की संभावना है। यह कार्यक्रम सरकारी खरीद में एससी/एसटी उद्यमों की भागीदारी बढ़ाने, बाजार तक उनकी पहुँच सुदृढ़ करने तथा राजस्थान में समावेशी उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

नेशनल एससी-एसटी हब के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल भारत सरकार की उस प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है, जिसके माध्यम से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों को क्षमता निर्माण, वित्तीय जागरूकता, बाजार संपर्क तथा सरकारी खरीद के अवसरों तक प्रभावी पहुँच उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने पात्र एससी/एसटी उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स तथा इच्छुक व्यवसायियों से कार्यक्रम में भाग लेकर इसका लाभ उठाने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मर्सी एपाओ,संयुक्त सचिव एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार की होंगी। इस अवसर पर एनएसआईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री एस. एस. आचार्य तथा डीआईसीसीआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संजीव डांगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (IRSME) श्री शशि किरण विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त एमएसएमई मंत्रालय, एनएसआईसी, राजस्थान सरकार, विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों, वित्तीय संस्थानों तथा औद्योगिक संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

उद्घाटन सत्र में नेशनल एससी-एसटी हब के महाप्रबंधक श्री उमेश दीक्षित स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके पश्चात नेशनल एससी-एसटी हब (राजस्थान एवं गुजरात) के प्रभारी श्री कुलदीप सिंह राजपूत हब की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों पर प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का आयोजन डीआईसीसीआई, राजस्थान चैप्टर के अध्यक्ष श्री देवकीनंदन गोधा के नेतृत्व में किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई मंत्रालय, राजस्थान सरकार के उद्योग विभाग, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM), भारतीय रेल, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL), न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL), भारतीय खाद्य निगम (FCI), राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (REIL), सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPET), भारतीय स्टेट बैंक, यस बैंक तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं अन्य विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इन सत्रों में नेशनल एससी-एसटी हब योजना, एमएसएमई एवं राज्य सरकार की योजनाएँ, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों में विक्रेता पंजीकरण, सार्वजनिक खरीद नीति, GeM पंजीकरण एवं ई-टेंडरिंग, गुणवत्ता मानक, बैंक ऋण एवं वित्तीय सहायता, उद्यमिता विकास तथा ओपन हाउस इंटरैक्शन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उद्यम पंजीकरण (Udyam Registration), GeM पंजीकरण, विक्रेता पंजीकरण तथा ई-टेंडरिंग संबंधी मार्गदर्शन के लिए विशेष सुविधा केंद्र (Facilitation Help Desk) भी स्थापित किया जाएगा।


(रिलीज़ आईडी: 2281738) आगंतुक पटल : 87