स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने केरल के स्वास्थ्य मंत्री श्री के. मुरलीधरन के साथ केरल में प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की वर्चुअल समीक्षा की

प्रविष्टि तिथि: 07 JUL 2026 3:19PM by PIB Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा ने आज केरल के स्वास्थ्य मंत्री श्री के. मुरलीधरन के साथ राज्य में प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जन स्वास्थ्य पहलों के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा करने के लिए एक वर्चुअल समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

इस बैठक में केरल में चल रहे प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों और पहलों के कार्यान्वयन और प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें टीबी-मुक्त भारत अभियान, मुफ्त दवा सेवा पहल, मुफ्त निदान सेवा पहल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वास्थ्य के लिए मानव संसाधन, चिकित्सा शिक्षा, दवा विनियमन और खाद्य सुरक्षा एवं मानक शामिल हैं।

पूरी चर्चा स्वास्थ्य सेवा वितरण को और मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण दवाओं और निदान तक पहुंच में सुधार करने, स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे और मानव संसाधनों को बढ़ाने, चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने, दवाओं और रक्त बैंकों की नियामक निगरानी को मजबूत करने और पूरे राज्य में खाद्य सुरक्षा प्रणालियों को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रही।

केरल के स्वास्थ्य मंत्री श्री के. मुरलीधरन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को केरल में विभिन्न प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत की गई प्रगति से अवगत कराया और स्वास्थ्य सेवा वितरण को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के बारे में भी बताया। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को प्रमुख चुनौतियों और केंद्रीय सहयोग की आवश्यकता वाले क्षेत्रों के बारे में भी जानकारी दी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ बेहतर समन्वय में काम करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न स्वास्थ्य पहलों को लागू करने में राज्य के किए गए प्रयासों की सराहना की और केरल के स्वास्थ्य सेवा तंत्र को और मजबूत करने के लिए भारत सरकार की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन और लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य परिणामों को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र-राज्य के निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।

इस बैठक का समापन केंद्र और राज्य दोनों द्वारा सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने और सतत सहयोग तथा प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से सभी नागरिकों के लिए सुलभ, किफायती, न्यायसंगत और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि के साथ हुआ।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव; केरल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रधान सचिव डॉ. शर्मिला मैरी जोसेफ; केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अपर सचिव एवं मिशन निदेशक (एनएचएम) श्रीमती आराधना पटनायक; भारत के औषधि महानियंत्रक डॉ. राजीव रघुवंशी; भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के कार्यकारी निदेशक श्री अमित शर्मा और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा केरल सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।

****

पीके/केसी/एके/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2282040) आगंतुक पटल : 89
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil , Malayalam