वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय दल इसी वर्ष होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में टिकाऊ जूट परिधानों का प्रदर्शन करेगा

प्रविष्टि तिथि: 07 JUL 2026 5:06PM by PIB Delhi

टिकाऊ वस्त्रों को बढ़ावा देने और प्राकृतिक रेशों में भारत के नवाचार को प्रदर्शित करने की एक ऐतिहासिक पहल के तहत वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय जूट बोर्ड ने जूट-विस्कोस मिश्रित परिधान विकसित किए हैं। इन्हें 23 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों और टीम के सदस्यों द्वारा पहना जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' उत्पादों को बढ़ावा देने के विजन से प्रेरित होकर वस्त्र मंत्रालय केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय जूट बोर्ड के माध्यम से जूट के मूल्यवर्धित अनुप्रयोगों को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रहा है। यह पहल एक टिकाऊ और नवोन्मेषी वस्त्र समाधान के रूप में शत प्रतिशत बायोडीग्रेडेबल जूट-विस्कोस मिश्रित वस्त्र की क्षमता को उजागर करती है।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए आधिकारिक किट अनावरण और विदाई समारोह 7 जुलाई, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया। इस समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह, युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष सुश्री पीटी उषा और भारतीय ओलंपिक संघ की कार्यकारी परिषद के सदस्य शामिल हुए।

यह पहला मौका है जब किसी अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल आयोजन में जूट आधारित परिधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस पहल से भारत के जूट उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है, साथ ही भारतीय निर्माताओं के शिल्प कौशल और जूट किसानों के योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।

राष्ट्रीय जूट बोर्ड ने कोलकाता स्थित ग्लोस्टर जूट मिल्स के सहयोग से इस जूट-विस्कोस मिश्रित वस्त्र के विकास को सुगम बनाया। इन नवोन्मेषी परिधान उत्पादों का पहला प्रदर्शन 1 अप्रैल, 2026 को पटना में आयोजित राष्ट्रीय जूट बोर्ड स्थापना दिवस समारोह के दौरान किया गया था, जहां भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना की थी।

इसके बाद, राष्ट्रीय जूट बोर्ड ने भारतीय दल के लिए जूट- आधारित परिधानों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ के साथ मिलकर काम किया। इन परिधानों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा विशेष रूप से विकसित जूट-विस्कोस मिश्रित वस्त्र का उपयोग करके डिजाइन किया गया था।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में 72 देशों के एथलीट भाग लेंगे। भारत का प्रतिनिधित्व 124 सदस्यीय दल करेगा, जिसमें 78 पुरुष और 46 महिला एथलीट शामिल हैं।

राष्ट्रीय जूट बोर्ड भारतीय ओलंपिक संघ के प्रति इस "मेक इन इंडिया" जूट परिधान को पहनने की अनुमति देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है।

इस पहल से भारत और विदेशों में टिकाऊ जूट उत्पादों के लिए नए बाजार अवसर पैदा करके राष्ट्रीय जूट बोर्ड के ‘जूट विविधीकरण कार्यक्रम’ को मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह वैश्विक वस्त्र क्षेत्र में पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों के रूप में प्राकृतिक रेशों को स्थापित करने के भारत के प्रयासों को भी एक बड़ा बढ़ावा देता है और ये देश के जूट किसानों के लिए गर्व तथा प्रोत्साहन की बात है।

***

पीके/केसी/आईएम/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2282155) आगंतुक पटल : 105
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Telugu , English , Urdu , Marathi , Gujarati , Tamil