लोकसभा सचिवालय
स्वास्थ्य सेवा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए: लोकसभा अध्यक्ष
स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान और नवाचार को मजबूत करने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र को मिलकर काम करना चाहिए: लोकसभा अध्यक्ष
चिकित्सा संस्थानों को मौजूदा और नई बीमारियों से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए: लोकसभा अध्यक्ष
लोकसभा अध्यक्ष ने नासिक में अशोका हेल्थ सिटी का उद्घाटन किया
प्रविष्टि तिथि:
12 JUL 2026 7:27PM by PIB Delhi
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक अच्छी स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचनी चाहिए और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार और निजी संस्थानों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र के नासिक में 'अशोका हेल्थ सिटी' का उद्घाटन करते हुए ये बातें कहीं।
नासिक को आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरूकता और असाधारण वीरता की भूमि बताते हुए, श्री ओम बिरला ने कहा कि बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक, पवित्र त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर, लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है, कठिनाइयों का सामना करने का साहस देता है और समाज को लोक-कल्याण के मार्ग पर अग्रसर करता है। क्षेत्र की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेरित करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का अदम्य साहस और वीरता देश के युवाओं को निरंतर प्रेरणा और दिशा प्रदान करता है।
भारत में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए, श्री बिरला ने कहा कि भारत सरकार सभी नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने इस बात की ओर ध्यान दिलाया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया है और आज योग विश्वभर के लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। उन्होंने एक स्वस्थ और रोगमुक्त जीवन सुनिश्चित करने के लिए योग को अपनाने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली का पालन करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
श्री बिरला ने कहा कि भारत सरकार ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। चिकित्सा के बुनियादी ढांचे का विस्तार किया गया है, मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाई गई हैं और आयुष्मान भारत सहित कई बड़ी पहल की शुरूआत की गई है। उन्होंने आगे कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी भी सार्थक परिणाम दे रही है, जिससे नए मेडिकल कॉलेज स्थापित हो रहे हैं, चिकित्सा का बुनियादी ढांचा मजबूत हो रहा है और गंभीर बीमारियों के इलाज के साथ-साथ अनुसंधान पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
चिकित्सा अनुसंधान के महत्व पर जोर देते हुए, श्री बिरला ने अशोका हेल्थ सिटी से आग्रह किया कि वह अपने मातृ एवं शिशु अस्पताल, कैंसर देखभाल तथा सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं के साथ-साथ अनुसंधान और नवाचार की सुविधाएं भी विकसित करे। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि चिकित्सा पेशेवरों और संस्थानों को वर्तमान तथा उभरती हुई बीमारियों से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए खुद को तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत को चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को और अधिक मजबूत करना चाहिए।
विज्ञान और स्वास्थ्य सेवा में भारत की बढ़ती क्षमताओं का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत स्वास्थ्य सेवा के कई क्षेत्रों में विकसित देशों पर निर्भर था। हालांकि, कोविड-19 महामारी के दौरान, भारतीय वैज्ञानिकों ने टीकों के विकास में एक महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसने इस अभूतपूर्व वैश्विक संकट के समय मानवता की सेवा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उभरती हुई बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र को मिलकर अनुसंधान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देना चाहिए तथा उनके प्रभावी समाधान विकसित करना चाहिए।
श्री बिरला ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अनुसंधान और नवाचार केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। यह देखते हुए कि नई बीमारियां अप्रत्याशित रूप से उभर सकती हैं और गंभीर चुनौतियां पेश कर सकती हैं, उन्होंने कहा कि चिकित्सा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक क्षमताओं में निवेश भी साथ-साथ होते रहना चाहिए।
संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए, श्री बिरला ने कहा कि अशोका हेल्थ सिटी न सिर्फ नासिक बल्कि पूरे उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र की सेवा कर रही है। नव-उद्घाटित मातृ एवं शिशु अस्पताल का उल्लेख करते हुए, उन्होंने माताओं और बच्चों के कल्याण के लिए समर्पित उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने देश में शिशु मृत्यु दर को कम करने के प्रयासों में तेजी लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए बेहतर अस्पताल और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने निजी संस्थानों से सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने का आग्रह किया जिससे इसका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सके।
सरकार और निजी क्षेत्र की परस्पर पूरक भूमिकाओं पर प्रकाश डालते हुए, श्री बिरला ने दोहराते हुए कहा कि यह समय की मांग है कि सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अशोका हेल्थ सिटी गंभीर बीमारियों के इलाज के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा और चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने के साथ-साथ सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करेगा।
अपने संबोधन का समापन करते हुए, श्री बिरला ने इस बात पर जोर दिया कि चिकित्सा शिक्षा को जनसेवा की भावना से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिससे देश के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंच सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गंभीर बीमारी की स्थिति में समाज के अंतिम व्यक्ति सहित हरेक नागरिक को सुनिश्चित उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री छगन भुजबल, राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





***
पीके/केसी/पीकेपी
(रिलीज़ आईडी: 2283947)
आगंतुक पटल : 473