वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
जयपुर के कनकपुरा ICD से ब्रिटेन (UK) के लिए भेजी गई पहली एक्सपोर्ट खेप
प्रविष्टि तिथि:
15 JUL 2026 4:55PM by PIB Jaipur
भारत और ब्रिटेन के बीच नए व्यापार समझौते - India-UK CETA (Comprehensive Economic and Trade Agreement) - के लागू होने पर आज जयपुर के कनकपुरा स्थित ICD कॉनकॉर (CONCOR) डिपो से ब्रिटेन के लिए पहली एक्सपोर्ट खेप (कंटेनर्स) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस कार्यक्रम को हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (EPCH) के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस मौके पर सरकार और व्यापार जगत से जुड़े कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। इनमें सीमा शुल्क (Customs) के असिस्टेंट कमिश्नर श्री शंकरा रमन, विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) के अधिकारी श्री राम प्रकाश, और कॉनकॉर के असिस्टेंट मैनेजर श्री राम सी. भगत शामिल थे। इनके साथ ही, EPCH के क्षेत्रीय संयोजक श्री गिरीश अग्रवाल, रीजनल ऑफिसर श्री अमित भार्गव और रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (GJEPC) के रीजनल डायरेक्टर श्री नितिन खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
जयपुर के कारोबारियों ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिनमें मैसर्स परंपरा से श्री विशाल चौधरी और श्रीमती सवित्रा चौधरी, मैसर्स पॉलीमेडिक्योर लिमिटेड से श्री जे. के. ओसवाल, और मैसर्स आर्टएशिया से श्री अतुल गोयल शामिल थे। इनके अलावा हैंडीक्राफ्ट, ज्वेलरी और फार्मा सेक्टर के कई अन्य निर्यातक भी वहाँ मौजूद थे। इस शुरुआत के तौर पर आज कुल 4 कंटेनर्स ब्रिटेन के लिए रवाना किए गए, जिनमें भेजे जा रहे सामान की कुल कीमत 1,68,395.54 ब्रिटिश पाउंड (GBP) है।
कार्यक्रम के दौरान वहाँ मौजूद व्यापारियों को बताया गया कि दुनिया भर के देशों के साथ भारत जो फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) कर रहा है, उनसे व्यापार को कितना बड़ा फायदा होने वाला है। अधिकारियों ने खास तौर पर इस बात पर चर्चा की कि इस नए भारत-ब्रिटेन समझौते से जयपुर और इसके आस-पास के जिलों में बनने वाले प्रॉडक्ट्स (जैसे हैंडीक्राफ्ट, रत्न-आभूषण और दवाइयाँ) को ब्रिटेन के बाजार में कितना फायदा मिलेगा।



(रिलीज़ आईडी: 2284912)
आगंतुक पटल : 84