युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा' थीम पर माई भारत शुरू करेगा देशव्यापी 'विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम'
महीने भर चलने वाले अभियान के दौरान यूथ आइकन्स जागरुकता सत्रों का नेतृत्व करेंगे व युवाओं को नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
15 JUL 2026 4:01PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 और 'नशा मुक्त भारत' के निर्माण के विजन के अनुरूप, भारत सरकार का युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, माई भारत के माध्यम से, 16 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में "नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" विशेष थीम के तहत 'विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम' (वीबीवाईसीपी) आयोजित करेगा।

महीने भर चलने वाली इस राष्ट्रव्यापी पहल का उद्देश्य युवा नागरिकों को विकसित भारत के विजन से जोड़ना और साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता पैदा करना है। नागरिक भागीदारी को नशा-विरोधी जागरूकता के साथ जोड़कर, यह कार्यक्रम युवाओं को एक स्वस्थ, जिम्मेदार और नशा मुक्त भारत का एंबेसडर बनने के लिए सशक्त बनाना चाहता है।
यह कार्यक्रम माई भारत प्लेटफॉर्म पर इंटरैक्टिव सत्रों, प्रस्तुतियों, जागरूकता गतिविधियों और डिजिटल भागीदारी के माध्यम से छात्रों को जोड़ेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे यह समझ सकें कि विकसित भारत@2047 के विजन को प्राप्त करने के लिए एक नशा मुक्त समाज का होना अत्यंत आवश्यक है।
इस कार्यक्रम के अंग के तौर पर विशिष्ट यूथ आइकन्स —जिनमें विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) के स्टेट चैंपियंस, विकसित भारत युवा संसद के विजेता, एनएसएस पुरस्कार विजेता, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता और अन्य सफल युवा नेता शामिल हैं—छात्रों से बातचीत करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों का दौरा करेंगे। वे भारत की विकास यात्रा पर अपने विचार साझा करेंगे और यह रेखांकित करेंगे कि नशीले पदार्थों का सेवन किस प्रकार व्यक्तिगत आकांक्षाओं, सामाजिक कल्याण और राष्ट्रीय प्रगति के लिए एक गंभीर चुनौती है।
प्रतिभागी नशीले पदार्थों के सेवन से प्रभावित व्यक्तियों और परिवारों के अनुभवों पर आधारित एक विशेष रूप से तैयार की गई जागरूकता फिल्म भी देखेंगे। इसके बाद नशा मुक्त भारत शपथ दिलाई जाएगी, जिससे वे स्वस्थ जीवन जीने और देश के विकास में योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएंगे। जहां भी संभव होगा, अभियान के प्रभाव को और मजबूत करने के लिए एनजीओ और आध्यात्मिक संगठनों के सहयोग से रिकवरी वॉरियर्स के व्यक्तिगत अनुभव भी कार्यक्रम में शामिल किए जाएंगे।
युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए, कार्यक्रम स्थलों पर माई भारत सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे ताकि माई भारत पोर्टल पर तुरंत पंजीकरण किया जा सके और प्रतिभागियों को संगठन की विभिन्न युवा विकास पहलों से परिचित कराया जा सके। बैनर, स्टैंडी और डिजिटल प्रचार के माध्यम से व्यापक प्रसार करके देश भर में इस अभियान को और बढ़ावा दिया जाएगा।
यह कार्यक्रम मुख्य रूप से ग्रामीण, शहरी और जनजातीय समुदायों के 15 से 25 वर्ष के आयु वर्ग के युवाओं को जोड़ेगा। भाग लेने वाले संस्थान भविष्य में युवाओं की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित करने और माई भारत की आगामी पहलों के क्रियान्वयन को आसान बनाने के लिए अपने यहाँ माई भारत चैप्टर स्थापित कर सकते हैं। सभी पंजीकरण और कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियां माई भारत पोर्टल के माध्यम से ही संचालित की जाएंगी।
विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम जागरूक, जिम्मेदार और सामाजिक रूप से सचेत युवा नागरिकों को तैयार करने की दिशा में माई भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो नशा मुक्त समाज के उद्देश्य का समर्थन करते हुए 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
***
पीके/केसी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2285309)
आगंतुक पटल : 61