गृह मंत्रालय
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जूमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पर सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ करने वाली स्वदेशी और अत्याधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया
केन्द्रीय गृह मंत्री ने रेडियो आधारित बाड़ भेदन पहचान प्रणाली का अवलोकन किया, जिससे सीमा पर लगी बाड़ में छेड़छाड़ पर पूर्व-रिकॉर्डेड संदेश के प्रसारण द्वारा जवानों को तत्काल सजग किया जाता है
केन्द्रीय गृह मंत्री ने लगभग 77 करोड़ रूपए की लागत वाली BSF की परियोजनाओं का ई-शिलान्यास किया
केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रहरी सम्मेलन के दौरान BSF के जवानों के साथ संवाद किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार देश की सभी सीमाओं को अभेद्य बनाने के प्रति कटिबद्ध है
मोदी सरकार स्मार्ट बॉर्डर के कॉन्सेप्ट के साथ सीमाओं को चाकचौबंद बनाने के लिए चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड का निर्माण कर रही है
गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में सीमा संबंधी मुद्दों पर बैठक की
श्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में तीन नए कानूनों के पूर्ण क्रियान्वयन और राज्य में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के संबंध में भी बैठक की
प्रविष्टि तिथि:
18 JUL 2026 7:05PM by PIB Delhi
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जूमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पर सीमा सुरक्षा को और सुदृढ़ करने वाली स्वदेशी और अत्याधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने रेडियो आधारित बाड़ भेदन पहचान प्रणाली का अवलोकन किया, जिससे सीमा पर लगी बाड़ में छेड़छाड़ पर पूर्व-रिकॉर्डेड संदेश के प्रसारण द्वारा जवानों को तत्काल सजग किया जाता है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने 47 करोड़ रूपए की लागत वाली BSF की 3 परियोजनाओं का ई-शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही, गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा की 2 सीमा चौकियों के लिए नवअधिग्रहित भूमि पर 30 करोड़ रूपए की लागत से 4 किलोमीटर लंबी सीमा तारबंदी निर्माण योजना का ई-शिलान्यास किया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रहरी सम्मेलन के दौरान BSF के जवानों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के महानिदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने नदी-नाले वाले दुर्गम इलाकों या सीमा पर लगी बाड़ के बीच के खुले हिस्सों को सुरक्षित बनाने के लिए लगाए गए इन्फ्रा-रेड अलार्म सिस्टम को भी देखा, जो इन्फ्रा-रेड किरणों के बीच अवरोध आते ही जवानों को खतरे की अग्रिम चेतावनी देता है। श्री अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर नागरिकों और किसानों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए तैयार गेट मैनेजमेंट सिस्टम को भी देखा। इसके साथ ही श्री अमित शाह ने वॉच टावर का दौरा किया, पौधारोपण किया और प्रहरी सम्मेलन में जवानों के साथ संवाद किया।


इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार देश की सभी सीमाओं को अभेद्य बनाने के प्रति कटिबद्ध है। मोदी सरकार सीमाओं को चाकचौबंद बनाने के लिए चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सुरक्षाबलों के जवानों और उनके परिजनों का कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्मार्ट बॉर्डर के कॉन्सेप्ट के साथ देश की सीमाओं को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने और सीमांत क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने पर मोदी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड सबसे पहले बंगाल में जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा। श्री शाह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े लंबित इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

सिलीगुड़ी में गृह मंत्री श्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में सीमा संबंधी मुद्दों पर बैठक की। उन्होंने पश्चिम बंगाल में तीन नए कानूनों के पूर्ण क्रियान्वयन और राज्य में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के संबंध में भी बैठक की।
******
आरके / आरआर / पीआर
(रिलीज़ आईडी: 2286133)
आगंतुक पटल : 324
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English