नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय
एएलएमएम नीति में कोई बदलाव नहीं, केंद्र ने चुनिंदा सौर परियोजनाओं के लिए दिसंबर 2026 तक राहत अवधि बढ़ाई
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने नेट-मीटरिंग और ओपन एक्सेस नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए एएलएमएम सूची-II से सीमित छूट को 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है
प्रविष्टि तिथि:
18 JUL 2026 7:34PM by PIB Delhi
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि सौर पीवी सेल के लिए अनुमोदित मॉडल एवं निर्माता सूची (एएलएमएम) सूची-II के कार्यान्वयन के संबंध में भारत सरकार की नीति में कोई परिवर्तन नहीं होगा और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए एएलएमएम सूची-II की प्रयोज्यता में कोई व्यापक विस्तार प्रदान नहीं किया जाएगा। हालांकि नेट-मीटरिंग परियोजनाओं और ओपन एक्सेस नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए एक सीमित अवधि प्रदान की जा रही है जिसके अंतर्गत ऐसी परियोजनाएं 31 दिसंबर 2026 तक एएलएमएम सूची-II (सौर पीवी सेल के लिए) से छूट के साथ चालू हो सकती हैं। इससे पहले नेट-मीटरिंग परियोजनाओं और ओपन एक्सेस नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के सीमित खंड के लिए यह छूट 31 मई 2026 तक उपलब्ध थी।
यह कदम स्वतंत्र सौर पीवी मॉड्यूल निर्माताओं को भी अतिरिक्त मांग पैदा करके इन्वेंट्री के रूप में किए गए निवेश की सुरक्षा प्रदान करके उनकी मदद करेगा। इससे उन्हें एएलएमएम सूची-II में सूचीबद्ध सौर सेल निर्माताओं से सौर सेल की सोर्सिंग को प्रभावी ढंग से बढ़ाने से पहले पर्याप्त समय भी मिलेगा, क्योंकि एएलएमएम सूची-II में सौर सेल क्षमता लगातार बढ़ रही है।
यह निर्णय सौर उद्योग के विभिन्न हितधारकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के परिणामस्वरूप लिया गया है ताकि नेट-मीटरिंग परियोजनाओं और ओपन एक्सेस नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए एएलएमएम सूची-II (सौर पीवी सेल के लिए) में सुचारू बदलाव सुनिश्चित किया जा सके।
सौर ऊर्जा संयंत्रों का उत्पादन सरकार के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। सरकार सौर ऊर्जा संयंत्रों के उत्पादन में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक मूल्य श्रृंखला में भारत को एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस संबंध में एमएनआरई के दिनांक 18.07.2026 के ओएम संख्या 283/53/2026-ग्रिड सोलर की एक प्रति एमएनआरई की वेबसाइट [https://mnre.gov.in] से प्राप्त की जा सकती है।
****
पीके/केसी/एनकेएस
(रिलीज़ आईडी: 2286166)
आगंतुक पटल : 409