युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ग्लासगो में भारतीय प्रवासियों के साथ 'चीयर फॉर भारत' साइकिल रेस पहल का नेतृत्व किया और फिटनेस के वैश्विक संदेश को सुदृढ़ किया


डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा- साइकिल चलाना हमारे स्वास्थ्य, हमारे पर्यावरण और हमारे ग्रह की रक्षा में सहायक हो सकता है

डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा- सभी भारतीयों को विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री के 'फिट इंडिया' अभियान में शामिल होना चाहिए

प्रविष्टि तिथि: 23 JUL 2026 3:24PM by PIB Delhi

केंद्रीय युवा मामले और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज स्कॉटलैंड के ग्लासगो में भारतीय प्रवासि‍यों के साथ एक साइकिल रैली में भाग लिया। इस रैली का उद्देश्य 'चीयर फॉर भारत' पहल के तहत फिटनेस, स्वस्थ जीवन शैली और सामुदायिक भागीदारी के संदेश को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और केंद्रीय मंत्री के साथ मिलकर राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए भारतीय दल का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने शारीरिक गतिविधि को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

यह पहल, भारत सरकार के सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और खेल एवं फिटनेस की सार्वभौमिक भाषा के माध्यम से भारतीय प्रवासी भारतीयों के साथ आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। डॉ. मांडविया ने रेस के दौरान प्रतिभागियों से बातचीत की और फिट इंडिया मु‍हि‍म के आदर्शों को बढ़ावा देने के प्रति उनके उत्साह की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि भारतीय एथलीट राष्ट्रमंडल खेलों 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए ग्लासगो पहुंचे हैं, और यह देखकर खुशी हुई कि भारतीय प्रवासी 'चीयर फॉर भारत' पहल के तहत भारतीय दल का समर्थन करने के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल रेस ने यह सशक्त वैश्विक संदेश भी दिया कि फिटनेस हर व्यक्ति और हर समाज के लिए आवश्यक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की फिट इंडिया मुहिम के विजन को याद करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय प्रवासियों की उत्साही भागीदारी इस आंदोलन के साथ उनके निरंतर जुड़ाव और विश्व भर में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

डॉ. मांडविया ने इस बात पर भी बल दिया कि एक विकसित राष्ट्र का निर्माण स्वस्थ नागरिकों की नींव पर ही हो सकता है। उन्‍होंने सभी भारतीयों से फिट इंडिया मुहिम में सक्रिय रूप से भाग लेने और विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि साइकिल चलाना फिटनेस को बढ़ावा देकर, प्रदूषण को कम करके और यातायात की भीड़ को कम करके कई समकालीन चुनौतियों का समाधान प्रदान करता है। उन्होंने कहा, "इस साइकिल रेस पहल के माध्यम से हम दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि साइकिल चलाना हमारे स्वास्थ्य, हमारे पर्यावरण और पृथ्‍वी की रक्षा करने में सहायक हो सकता है।"

डॉ. मांडविया राष्ट्रमंडल खेल 2026 के अवसर पर ग्लासगो में हैं। वे भारतीय एथलीटों, अधिकारियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत कर रहे हैं। इससे खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और एक स्वस्थ भारत की परिकल्पना की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों का पता चलता है।

****

पीके/केसी/वीके/एम


(रिलीज़ आईडी: 2288384) आगंतुक पटल : 108
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Gujarati , English , Urdu , Tamil , Malayalam