कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी ने एनएसटीआई (महिला), पटना के स्थायी कैंपस की घोषणा की; एमएसडीई और बिहार सरकार ने स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (एसआईआईसी) पटना के लिए एमओयू का आदान प्रदान किया

प्रविष्टि तिथि: 23 JUL 2026 6:43PM by PIB Delhi

महिलाओं के कौशल विकास तथा बिहार के युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी तथा भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने आज राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), एनएसटीआई (डब्ल्यू), पटना के स्थायी परिसर तथा स्किल इंडिया इंटरनेशनल, पटना की स्थापना की घोषणा की

राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थायी परिसर का शिलान्यास प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) के महानिदेशक श्री दिलीप कुमार ने परियोजना स्थल पर किया। इस अवसर पर भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) और बिहार सरकार के बीच बिहार में स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (एसआईआईसी) की स्थापना के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी आदान-प्रदान किया गया।

ये दोनों पहलें मिलकर महिलाओं के लिए उन्नत व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण को सुदृढ़ करेंगी तथा बिहार के युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों तक पहुँच के लिए एक सुव्यवस्थित मार्ग तैयार करेंगी।

राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना का स्थायी परिसर बिहटा में 99.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। इस परिसर में आधुनिक प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन और बालिका छात्रावास का निर्माण किया जाएगा, जिससे संस्थान की प्रशिक्षण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकेंगे।

प्रस्तावित स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (एसआईआईसी) की स्थापना भारत सरकार द्वारा लगभग 7 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश के सहयोग से की जाएगी। यह केंद्र बिहार के युवाओं को वैश्विक करियर के लिए तैयार करेगा। इसके तहत विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय रोजगार परामर्श, प्रमाणन संबंधी मार्गदर्शन, विदेश प्रस्थान से पूर्व अभिमुखीकरण तथा सुरक्षित प्रवासन से संबंधित सहायता प्रदान की जाएगी।

बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा, बिहटा के सिकंदरपुर में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), एनएसटीआई (डब्ल्यू) के शिलान्यास तथा स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना के लिए भारत सरकार और बिहार सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान, बिहार के कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लगभग 99.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला आधुनिक एनएसटीआई (महिला) परिसर युवा महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण, उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करेगा और उन्हें उभरते रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करेगा। इसी प्रकार, स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कौशल से लैस करेगा और भारत तथा विदेशों में रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगा। ये दोनों पहलें मिलकर हमारे युवाओं को कौशल, आत्मनिर्भरता और वैश्विक अवसरों से जोड़ेंगी तथा ‘समृद्ध बिहार’ और ‘विकसित भारत’ के हमारे साझा संकल्प को नई गति प्रदान करेंगी।”

इस अवसर पर श्री जयंत चौधरी ने कहा, महिला-नेतृत्व वाला विकास भारत की विकास यात्रा का प्रमुख आधार है। राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना का स्थायी परिसर महिलाओं को आधुनिक अवसंरचना, उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल तथा नए अवसरों तक पहुँच उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर इस प्रयास को आगे बढ़ाते हुए बिहार के युवाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, विदेशी भाषा कौशल तथा सुरक्षित प्रवासन संबंधी सहायता के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए तैयार करेगा। ये दोनों पहलें मिलकर बिहार के कार्यबल को सशक्त बनाएंगी और ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।”

राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना बिहार में महिलाओं के लिए विशेष रूप से स्थापित केंद्र सरकार का एकमात्र कौशल प्रशिक्षण संस्थान है। इस संस्थान का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। वर्तमान में यह संस्थान अस्थायी परिसर से संचालित हो रहा है और शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना  तथा शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत दीर्घकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है।

अपने अस्थायी परिसर से संचालित होते हुए संस्थान ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, फैशन डिज़ाइन एवं प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा कॉस्मेटोलॉजी जैसे ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त, संस्थान ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, एनआईईएसबीयूडी (NIESBUD) संचालित कार्यक्रमों, डीजीआर–ईडीपी, स्ट्राइव (STRIVE) तथा अन्य कौशल विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत भी महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया है।

स्थायी परिसर के संचालन शुरू होने के बाद यह बिहार तथा पड़ोसी राज्यों में महिलाओं के कौशल विकास का एक प्रमुख केंद्र बन जाएगा। इस परिसर में आधुनिक प्रयोगशालाएँ, बेहतर आवासीय सुविधाएँ तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाओं को रोजगार, उद्यमिता और तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था में उभरते अवसरों के लिए तैयार किया जा सकेगा।

प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) द्वारा गठित ट्रेड चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर संस्थान में शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) और शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) के अंतर्गत 13 ट्रेड संचालित किए जाने का प्रस्ताव है। इनमें पारंपरिक एवं महिला-केंद्रित ट्रेडों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, ड्रोन तकनीशियन, सौर तकनीशियन तथा रेडियोलॉजी तकनीशियन जैसे उभरते क्षेत्रों के पाठ्यक्रम भी शामिल होंगे। प्रस्तावित पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रतिवर्ष 435 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान करने की क्षमता विकसित की जाएगी।

स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (एसआईआईसी) विदेशों में रोजगार के इच्छुक बिहार के युवाओं के लिए एक समर्पित प्रवेशद्वार के रूप में कार्य करेगा। यह केंद्र अंग्रेज़ी, जर्मन, जापानी और फ्रेंच जैसी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय रोजगार के लिए प्लेसमेंट परामर्श, प्रमाणन संबंधी सहायता तथा सुरक्षित प्रवासन (माइग्रेशन) से जुड़ी सेवाएँ भी उपलब्ध कराएगा।

यह केंद्र विद्युत सेवाओं, प्लंबिंग, निर्माण, कृषि तथा अन्य उभरते व्यवसायों जैसे उच्च मांग वाले क्षेत्रों में उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा। यह प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक मानकों तथा रोजगार उपलब्ध कराने वाले देशों की कार्यबल संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

इस समारोह में बिहार सरकार के श्रम संसाधन, प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद, बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, भारत सरकार एवं बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा कौशल विकास क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

***

पीके/केसी/वीएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2288700) आगंतुक पटल : 38
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil