सहकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में भारत टैक्सी की उपलब्धता

प्रविष्टि तिथि: 28 JUL 2026 5:12PM by PIB Delhi

भारत टैक्सी सहकारिता-आधारित एक डिजिटल ऐप आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जिसका संचालन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा किया जाता है। एसटीसीएल बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के अंतर्गत पंजीकृत एक बहु-राज्य सहकारी समिति है।  भारत टैक्सी अपनी सेवाएं दिल्ली-एनसीआर, गुजरात तथा महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में प्रदान कर रही है।  वर्तमान में भारत टैक्सी का उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल क्षेत्र में, आधिकारिक रूप से शुभारंभ नहीं किया गया है।

सरकार ने भारत टैक्सी के विकास, संवर्धन, रखरखाव या प्रचालन पर कोई व्यय नहीं किया है। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) अपने स्वयं के पूंजीगत संसाधनों से भारत टैक्सी के विकास, प्रचार-प्रसार, अनुरक्षण (रखरखाव) तथा संचालन का वित्तपोषण करता है।

भारत टैक्सी एप्लीकेशन के प्रदर्शन की समीक्षा सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा समय-समय पर की जाती है । इस समीक्षा में प्रमुख परिचालन एवं सेवा-संबंधित मानकों को शामिल किया गया है, जिनमें ग्राहक अनुभव, प्राप्त शिकायतें, किराए की प्रतिस्पर्धात्मकता, प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन और प्रौद्योगिकी प्रणालियों की प्रभावशीलता शामिल हैं । सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए टैक्सी एग्रीगेशन क्षेत्र में प्रचलित कार्यप्रणालियों के साथ भी इस एप्लीकेशन का बेंचमार्क किया जाता है।

ऐसी समीक्षाओं के निष्कर्षों और उपयोगकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक (प्रतिक्रिया) के आधार पर, जहां भी आवश्यक हो, उचित सुधारात्मक उपाय किए जाते हैं । इनमें प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म को सशक्त करना, सॉफ्टवेयर-संबंधित समस्याओं का समाधान करना, प्लेटफॉर्म की विशेषताओं को बढ़ाना, किराए से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करना और सेवा प्रदाय में सुधार करना शामिल है । प्लेटफॉर्म के विश्वसनीय और कुशल कामकाज का समर्थन करने के लिए नियमित तकनीकी और परिचालन निगरानी भी की जाती है।

यह जानकारी केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

******

AK/AP


(रिलीज़ आईडी: 2290525) आगंतुक पटल : 107
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu