सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएचएआई ने डीएनडी-सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारे पर सराय काले खाँ लूप को जाम-मुक्त करने के लिए डीपीआर तैयार करने का कार्य शुरू किया

प्रविष्टि तिथि: 28 JUL 2026 4:24PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से एनएचएआई ने एनएच-148एनए के डीएनडी-सोहना खंड के अत्‍यंत महत्वपूर्ण जंक्शन सराय काले खाँ लूप पर यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है। यह डीपीआर दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में से एक के लिए दीर्घकालिक यातायात प्रबंधन और अभियात्रिकी संबंधी समाधानों का अध्‍यन करेगी और क्षेत्र में चल रही अवसंरचना विकास पहलों को आगे बढ़ाएगी।

सराय काले खाँ लूप आश्रम, नोएडा और सराय काले खाँ से आने वाले यातायात के लिए एक रणनीतिक मिलन बिंदु के रूप में कार्य करता है। डीएनडी-सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारे के शीघ्र चालू होने के बाद इस स्थान पर यातायात की मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। इसलिए, सुचारू एवं दक्ष यातायात संचालन सुनिश्चित करने हेतु समय पर हस्तक्षेप करना आवश्यक है।

इस गलियारे के रणनीतिक महत्व को देखते हुए एनएचएआई प्राथमिकता के आधार पर डीपीआर तैयार करेगा, ताकि जंक्शन को जाम-मुक्‍त करने और यातायात के सुचारू संचालन में सुधार के लिए व्‍यापक अभियांत्रिकी संबंधी समाधानों की पहचान की जाके। डीपीआर उपयुक्‍त बुनियादी ढांचागत उपायों का मूल्‍याकन करेगी, जिसका उद्देय क्षमता बढाना, यात्रा के समय को कम करना, सुरक्षा सुनिश्‍चि‍त करना और इस गलियारे से वाहनों की अधिक कुशल आवाजाही सुनिश्‍चित करना है। यह ये भी सुनिश्चित करेगी इस महत्वपूर्ण इंटरचेंज पर निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करके डीएनडी-सोहना कॉरिडोर के परिचालन संबंधी लाभों को इसके शुरू होने पर पूरी तरह से प्राप्त किया जा सके।

यह पहल शहरी कनेक्‍टि‍विटी में सुधार लाने, भीड़भाड़ को कम करने और सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने पर एनएचएआई के निरंतर ध्यान को दर्शाती है।

***

पीके/केसी/आईएम/एम 


(रिलीज़ आईडी: 2290708) आगंतुक पटल : 44
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu