राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने असम के कछार जिले में एक धातु प्रसंस्करण कारखाने में हुए विस्फोट में चार श्रमिकों की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया
असम के मुख्य सचिव और कछार एसपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है
रिपोर्ट में घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के साथ ही मृतकों के परिवारों और घायल श्रमिकों को दिए गए मुआवजे का विवरण भी शामिल करने को कहा गया है
प्रविष्टि तिथि:
29 JUL 2026 11:20AM by PIB Delhi
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने 26 जुलाई, 2026 को असम के कछार जिले में एक धातु प्रसंस्करण कारखाने में हुए विस्फोट में चार श्रमिकों के मारे जाने और दो अन्य के गंभीर रूप से घायल होने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। खबरों के अनुसार, विस्फोट के बाद पिघली हुई धातु श्रमिकों पर गिर गई। मृतकों के परिवारों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कारखाने में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
आयोग ने कहा है कि यह मीडिया रिपोर्ट यदि सत्य है, तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला बनता है। आयोग ने असम के मुख्य सचिव और कछार के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के साथ ही मृतकों के परिवारों और घायल श्रमिकों को दिए गए मुआवजे का विवरण भी शामिल करने को कहा गया है।
27 जुलाई, 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट के समय कारखाने में 100 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे।
***
पीके/केसी/बीयू/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2290948)
आगंतुक पटल : 107