कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

PMKVY 4.0 के तहत सिपेट, जयपुर में निःशुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण, 275 युवाओं को मिलेगा लाभ

प्रविष्टि तिथि: 29 JUL 2026 4:26PM by PIB Jaipur

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के अंतर्गत सिपेट–कौशल एवं तकनीकी सहायता केन्द्र (CSTS), जयपुर में युवक एवं युवतियों के लिए "मशीन ऑपरेटर – प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग" ट्रेड में निःशुल्क आवासीय अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कुल 275 युवाओं को उद्योगोन्मुख कौशल प्रदान किया जाएगा। प्रवेश "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर दिया जाएगा।

यह प्रशिक्षण कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE), भारत सरकार द्वारा प्रायोजित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण की अवधि 600 घंटे होगी तथा यह NSQF स्तर 3.5 के अनुरूप संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक प्लास्टिक प्रोसेसिंग तकनीकों का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बन सकें।

प्रशिक्षण के लिए 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियाँ आवेदन कर सकते हैं। पात्रता के अनुसार 11वीं उत्तीर्ण अथवा 10वीं/समकक्ष के साथ निर्धारित अनुभव, या 8वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी निर्धारित अनुभव के साथ आवेदन के पात्र होंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, शैक्षणिक अंकतालिकाएँ, आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), मूल निवास प्रमाण-पत्र तथा चार नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ सिपेट–सी.एस.टी.एस., जयपुर में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

इस अवसर पर सिपेट, जयपुर के प्रधान निदेशक एवं प्रमुख ने कहा कि भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। सिपेट का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्लास्टिक एवं पेट्रोकेमिकल उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रो-रसायन विभाग के अधीन कार्यरत देश का अग्रणी संस्थान है। वर्ष 1968 में स्थापित सिपेट वर्तमान में देशभर में 52 केंद्रों के माध्यम से शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, परीक्षण एवं तकनीकी सेवाएँ प्रदान कर रहा है। वर्ष 2006 में स्थापित सिपेट, जयपुर में बी.टेक., डिप्लोमा तथा विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।


(रिलीज़ आईडी: 2291111) आगंतुक पटल : 34