सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वीसीएफ-एससी सहायता के माध्यम से पैकेजिंग विनिर्माण का विस्तार: रेनबो पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड ने औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को कैसे बढ़ावा दिया

प्रविष्टि तिथि: 06 AUG 2026 5:31PM by PIB Delhi

लघु एवं मध्यम विनिर्माण उद्यम रोजगार सृजन, आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुदृढ़ बनाने तथा आर्थिक विकास में योगदान देकर भारत के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हालांकि, अपने बिजनेस का विस्तार करने के इच्छुक उद्यमियों के लिए समय पर वित्तीय सहायता प्राप्त करना अक्सर एक बड़ी चुनौती बना रहता है।

संस्थागत वित्तीय सहायता के परिवर्तनकारी प्रभाव का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, श्री गौतम मकवाना द्वारा प्रवर्तित रेनबो पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड(वीसीएफ-एससी) योजना के अंतर्गत प्राप्त सहायता से गुजरात के अहमदाबाद जिले के सरखेज में स्थित अपनी प्लास्टिक पैकेजिंग विनिर्माण इकाई का सफलतापूर्वक विस्तार किया है। इस परियोजना के माध्यम से कंपनी ने अपनी उत्पादन क्षमता में वृद्धि की, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार किया तथा सतत रोजगार के अवसरों का सृजन किया।

कंपनी को सरकारी तथा निजी क्षेत्र के ग्राहकों से बढ़ती मांग को देखते हुए, अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड(वीसीएफ-एससी) ने वर्ष 2015 में वेंचर कैपिटल(इक्विटी तथा वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर) के माध्यम से ₹4.46 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की। इस सहायता से कंपनी कुशल पेशेवरों की भर्ती करने, परिचालन दक्षता को सुदृढ़ बनाने तथा बड़े ऑर्डरों का प्रभावी ढंग से निष्पादन करने के लिए अपनी विनिर्माण क्षमता का विस्तार करने में सक्षम हुई।

विनिर्माण क्षमता को सुदृढ़ बनाना और रोजगार के अवसरों का सृजन

इस वित्तीय सहायता से कंपनी की उत्पादन क्षमता, परिचालन प्रदर्शन तथा बाजार तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विनिर्माण इकाई के विस्तार से उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर हुई, उत्पादकता में वृद्धि हुई तथा ग्राहकों के साथ कंपनी की सहभागिता और मजबूत हुई। इस परियोजना ने स्थानीय लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा किए हैं, जिससे समावेशी औद्योगिक विकास और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।

अपने इस सफर पर बात करते हुए, श्री गौतम मकवाना ने कहा:

"अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड(वीसीएफ-एससी) के अंतर्गत प्राप्त वित्तीय सहायता ने हमारी बाजार तक पहुंच को उल्लेखनीय रूप से मजबूत किया है, परिचालन प्रदर्शन में सुधार किया है तथा बड़े ऑर्डरों को अधिक दक्षता के साथ पूरा करने की हमारी क्षमता को बढ़ाया है। इस सहायता के माध्यम से हम अपने बिजनेस का विस्तार करने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करने तथा रोजगार के अवसर पैदा करने में सक्षम हुए हैं, साथ ही सतत औद्योगिक विकास में भी योगदान दे रहे हैं।"

रेनबो पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड की सफलता यह दर्शाता है कि अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड(वीसीएफ-एससी) के अंतर्गत लक्षित वित्तीय सहायता किस प्रकार अनुसूचित जाति के उद्यमियों को अपने उद्यमों का विस्तार करने, रोजगार के अवसर पैदा करने तथा भारत के औद्योगिक विकास में योगदान देने में सक्षम बना रही है। उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और विकास पूंजी तक पहुंच आसान बनाकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय देशभर में उद्यमियों को सशक्त बना रहा है, आजीविका के अवसरों का सृजन कर रहा है तथा एक सतत और समृद्ध भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

***

पीके/केसी/पीकेपी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2295684) आगंतुक पटल : 65
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu