महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी आधारित शासकीय उपकरण के रूप में पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन आरंभ किया है
पोषण ट्रैकर एप द्वारा डिजिटलीकरण से पोषण निगरानी, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा,लाभार्थी प्रमाणन और सेवा वितरण दक्षता पर बहुआयामी प्रभाव
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय पोषण ट्रैकर एप के प्रभावी इस्तेमाल के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करता है
प्रविष्टि तिथि:
07 AUG 2026 4:27PM by PIB Delhi
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने लोकसभा में एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण द्वितीय चरण की प्रगति की डिजिटल समीक्षा के लिए, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी आधारित शासकीय उपकरण के तौर पर पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन आरंभ किया गया है। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों और लाभार्थियों के घरों में प्रदान की जाने वाली सभी सेवाओं की निगरानी और समीक्षा हो पाती है। पोषण ट्रैकर से मंत्रालय, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश विभिन्न मानदंडों पर मिशन के कार्यान्वयन की निरंतर समीक्षा और आवश्यक सुधार में सक्षम हुए हैं।
नीति आयोग के विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय -डीएमईओ के मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण द्वितीय चरण के परिणाम-आधारित मूल्यांकन (2025) के अनुसार, पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन द्वारा डिजिटलीकरण से पोषण निगरानी, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, लाभार्थी प्रमाणन और सेवा वितरण दक्षता पर बहुआयामी प्रभाव रहा है। रिपोर्ट में पोषण ट्रैकर को पूरक पोषण कार्यक्रम के तहत हाथों से किए जाने वाले काम, कागज-आधारित प्रणालियों से प्रौद्योगिकी-सक्षम शासन ढांचे में बदलने के तौर पर उल्लेखित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पोषण ट्रैकर आंगनवाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों, सामग्री और भंडार तथा सेवा वितरण की डिजिटल निगरानी का प्रमुख साधन बन गया है। पोषण ट्रैकर जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तारण शासन व्यवस्था में मूलभूत बदलाव है, जिससे पूरक पोषण कार्यक्रम प्रदान करने में उत्तरदायित्व, दक्षता और पारदर्शिता संभव होती है। इसके अलावा, वर्ष 2016 के केंद्रीय बजट भाषण के अनुरूप प्रत्येक योजना को वित्त आयोग चक्रों के साथ संरेखित किया गया है जिसे किसी तृतीय पक्ष द्वारा योजना के मूल्यांकन पर जारी रखा जाता है।
पोषण ट्रैकर के उपयोग में कुछ क्षेत्रों में कम या इंटरनेट कनेक्टिविटी बिल्कुल न होने संबंधी नेटवर्क समस्याओं से निपटने के लिए, एप्लिकेशन टेक-होम राशन के वितरण हेतु ई-केवाईसी और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के तहत चेहरे के मिलान की ऑफ़लाइन सुविधा उपलब्ध है। लाभार्थी के पूरे जीवन चक्र में ई-केवाईसी और आधार कार्ड से चेहरे के मिलान के लिए ओटीपी केवल एक बार लेना होता है। इससे लाभार्थियों को नेटवर्क या सर्वर संबंधी समस्याओं के बावजूद आंगनवाड़ी सेवा प्राप्त करने में सुगमता होती है। ऑफ़लाइन मोड में एप्लिकेशन पर दर्ज डेटा को नेटवर्क बहाल होने के बाद 5 दिनों के भीतर सिंक करने का प्रावधान है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय निम्नलिखित उपायों से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग के लिए निरंतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करता है:
- लर्निंग वीडियो और जागरूकता बढाने वाले दस्तावेज: पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन के संसाधन अनुभाग में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए लर्निंग वीडियो और जागरूकता संबंधी पुस्तिका उपलब्ध हैं, जिन्हें नियमित कार्यों को प्रभावी तरीके से पूरा करने के लिए किसी भी समय देखा जा सकता है।
- पोषण भी पढ़ाई भी पहल के तहत, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सभी अधिकारियों और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले फील्ड कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। प्रशिक्षण क्रमबद्ध मॉडल पर आधारित है, जिसमें मास्टर ट्रेनर (जिला अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक और पर्यवेक्षक) को प्रशिक्षित किया जाता है, और ये मास्टर ट्रेनर फील्ड में सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करते हैं। पोषण ट्रैकर के विभिन्न मॉड्यूल- चेहरे की पहचान प्रणाली- जियो-टैगिंग, होम विजिट कार्यक्रम आदि का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रखंड और जिला समन्वयक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों को पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
- दैनिक आभासी क्लासरूम सत्र: डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे तक आभासी कक्षा आयोजित करता है, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संचालन संबंधी जानकारी और एप्लिकेशन के उपयोग के बारे में वास्तविक समय में स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा, राज्य के पर्यवेक्षक और उससे ऊपर के स्तर के अधिकारियों के लिए शाम 4:15 बजे से 5:15 बजे तक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाते हैं जिससे कार्यान्वयन संबंधी मुद्दों का समाधान हो सके, नवीनतम जानकारी दी जा सके और पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन में नई सुविधाओं और सुधारों के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
****
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2296211)
आगंतुक पटल : 104