युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुजरात के हनोल से युवाओं, माई भारत और एनएसएस के साथ ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 85वें संस्करण का राष्ट्रव्यापी नेतृत्व किया, जिसका मुख्य विषय रहा ‘नशा मुक्त भारत’
प्रविष्टि तिथि:
09 AUG 2026 3:05PM by PIB Delhi
माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुजरात में साइकिल पर आधारित फिट इंडिया संडे के 85वें राष्ट्रीय संस्करण का नेतृत्व किया, जिसमें प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली और नारा दिया, ‘फिटनेस को हां कहें, ड्रग्स को ना कहें।’
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा ‘फिट इंडिया’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में भारत के युवाओं को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान में अग्रणी भूमिका दी गई। इस पहल का उद्देश्य हानिकारक व्यसनों के सकारात्मक विकल्प के रूप में फिटनेस को बढ़ावा देना और युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।
डॉ. मांडविया ने ‘संडे ऑन साइकिल’ को जन आंदोलन बताते हुए कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि यह पहल प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को आगे बढ़ाने वाले एक बड़े आंदोलन में परिवर्तित हो गई है। देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर युवाओं ने साइकिल के माध्यम से यह संदेश पहुंचाया है...’’
डॉ. मांडविया द्वारा दिसंबर 2024 में शुरू किए गए ‘संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में भारत भर में 30 लाख से अधिक लोग भाग ले चुके हैं।
यह भव्य आयोजन मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम दिल्ली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में से एक सामूहिक ‘नशा मुक्त भारत’ की प्रतिज्ञा थी, जिसके दौरान 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से मुक्त जीवन जीने और अपने परिवार, दोस्तों और समुदाय को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
रविवार की सुबह जल्दी ही फिटनेस गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 5:30 बजे तक 1,000 से अधिक नागरिक योग और ज़ुम्बा सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में भाग लेने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे। इसके बाद प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के चारों ओर 5 किलोमीटर की साइकिल यात्रा की। कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष खेल क्षेत्र भी स्थापित किया गया था, जिसमें कैरम, शतरंज, लूडो और बैडमिंटन के साथ-साथ बैडमिंटन, रस्साकशी और बाधा दौड़ जैसी फिटनेस गतिविधियां भी शामिल थीं।
इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भारतीय अभिनेता और मॉडल सिद्धार्थ निगम, अंतर्राष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी, जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन और विश्व जूनियर टीम के कांस्य पदक विजेता गुरवीर सिंह, आईआरएस और फिट इंडिया के राजदूत नरेंद्र कुमार और फिट इंडिया चैंपियन और प्रसिद्ध ज़ुम्बा प्रशिक्षक मीनल पाठक ने भी भाग लिया।
फिल्म धूम 3 में अभिनय कर चुके और जिम्नास्टिक्स में हिस्सा ले चुके सिद्धार्थ निगम ने साइकिलिंग राइड पूरी करने के बाद कहा, “सुबह 5 बजे उठकर दिल्ली भर में लोगों को इतनी ऊर्जा और उत्साह के साथ साइकिल चलाते देखना एक अद्भुत अनुभव रहा। ‘नशा मुक्त भारत’ थीम पर आधारित ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम एक सशक्त संदेश देता है कि हमें हानिकारक व्यसनों की जगह फिटनेस, कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्यों को हासिल करने की लत लगानी चाहिए। एक खिलाड़ी के रूप में, जिम्नास्टिक्स ने मुझे सिखाया है कि अनुशासन ही बेहतर इंसान बनने की कुंजी है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे नशीले पदार्थों, सिगरेट और शराब से दूर रहें, अपने शरीर का ख्याल रखें और हर दिन कम से कम 30 मिनट फिटनेस के लिए समर्पित करें। फिटनेस का डोज़, आधे घंटे रोज़।”
गुरवीर सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत युवाओं को फिटनेस की ओर प्रेरित करने और व्यसनों से दूर रखने के लिए बेहतरीन पहल हैं। हर किसी को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए समर्पित करने चाहिए।” राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का 39 पदकों का प्रदर्शन भी अत्यंत सराहनीय है और हमारे खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है।”
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन और माई भारत के सहयोग से किया जाता है।
यह साइकिलिंग अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ चलाया जाता है, जिसमें एसएआई क्षेत्रीय केंद्र, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई), एसएआई प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (केआईएससीई) और खेलो इंडिया केंद्र (केआईसी) शामिल हैं, साथ ही साइकिल चलाने के शौकीनों के समूहों, स्कूलों और कॉलेजों के हजारों नमो फिट इंडिया क्लब भी इसमें भाग लेते हैं।






***
पीके/केसी/केएल/वीके
(रिलीज़ आईडी: 2296837)
आगंतुक पटल : 388