आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियाँ और सामाजिक-आर्थिक प्रभाव
प्रविष्टि तिथि:
10 AUG 2026 6:12PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना 1 जून, 2020 को शहरी स्ट्रीट वेंडरों को बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी । योजना की शुरुआत से लेकर 12 जुलाई, 2026 तक , 76.95 लाख स्ट्रीट वेंडरों ने 18,475 करोड़ रुपये से अधिक के 1.15 करोड़ से अधिक बिना गारंटी वाले ऋण का लाभ उठाया है।
इस योजना ने शहरी स्ट्रीट वेंडरों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनकी वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इस योजना के प्रभाव का आकलन हैदराबाद स्थित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) द्वारा 2023 और 2025 में किए गए अध्ययनों के माध्यम से किया गया है।
2023 का अध्ययन देश भर के 100 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में 5,000 से अधिक लाभार्थियों को शामिल करते हुए किया गया था और इसमें पाया गया कि 95% लाभार्थियों के लिए पीएम स्वनिधि बैंक से लिया गया पहला ऋण था और इस ऋण का उपयोग उन्होंने अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए किया था। 2025 का अध्ययन देश भर के 99 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में 5,000 से अधिक लाभार्थियों को शामिल करते हुए किया गया था (जिनमें से लगभग 60% उत्तरदाता 2023 के अध्ययन के नमूने का हिस्सा थे) और इसमें पाया गया कि पीएम स्वनिधि ऋण लेने वालों की औसत वार्षिक व्यावसायिक आय 2023 और 2025 के बीच लगभग 20 प्रतिशत बढ़ी।
सभी चरणों में लगभग 30 प्रतिशत उधारकर्ताओं ने पीएम स्वनिधि ऋणों के अलावा अन्य ऋण होने की जानकारी दी, जो औपचारिक ऋण तक पहले बहुत कम या बिल्कुल भी पहुंच न रखने वाले विक्रेताओं के लिए क्रेडिट इतिहास बनाने में योजना की भूमिका को रेखांकित करता है। इसके अलावा, अध्ययन में यह भी पाया गया कि 2023 और 2025 के बीच, सड़क विक्रेताओं के बीच डिजिटल भुगतान को अपनाने में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
अध्ययन में यह भी पाया गया कि इस योजना का प्रभाव केवल व्यावसायिक सुधार तक ही सीमित नहीं है। ऋण संबंधी बाधाओं को कम करके और परिवारों की नकदी प्रवाह को स्थिर करके, इस योजना ने विक्रेता परिवारों को जीवन स्तर में सुधार करने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने, स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच बढ़ाने और बच्चों की शिक्षा में सहायता करने में सक्षम बनाया है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत, ऋण चुकाने से स्ट्रीट वेंडर्स को उच्च ऋण किस्तों में भुगतान करने का अवसर मिलता है, जो उनकी बेहतर वित्तीय वृद्धि को दर्शाता है। 12 जुलाई 2026 तक , 29.71 लाख विक्रेताओं ने ऋण की दूसरी किस्त और 8.49 लाख विक्रेताओं ने तीसरी किस्त का लाभ उठाया है ।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत, डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देने के लिए, स्ट्रीट वेंडर लाभार्थियों को 12 महीने की अवधि के लिए प्रति माह ₹100 तक का कैशबैक दिया जाता है (अधिकतम डिजिटल प्रोत्साहन ₹1200 प्रति वर्ष), स्ट्रीट वेंडर को दिए गए ऋण की प्रत्येक किश्त पर। इसके अलावा, पुनर्गठित योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर लाभार्थियों को कम से कम ₹2,000 की थोक खरीदारी पर डिजिटल लेनदेन करने के लिए 4 तिमाहियों तक प्रति तिमाही अधिकतम ₹100 का कैशबैक देने का प्रावधान है।
योजना की शुरुआत से लेकर मई 2026 तक, 875 करोड़ से अधिक डिजिटल लेनदेन किए गए हैं और योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर लाभार्थियों को कैशबैक प्रोत्साहन के रूप में ₹412 करोड़ की राशि जारी की गई है।
लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए सामाजिक सुरक्षा जाल बनाने के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत 'स्वनिधि से समृद्धि' घटक 04 जनवरी, 2021 को लॉन्च किया गया था। यह आठ चयनित केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ाव की सुविधा प्रदान करता है। ये 8 योजनाएं हैं (i) प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (ii) प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना (iii) प्रधान मंत्री जन धन योजना (iv) भवन और अन्य निर्माण श्रमिक (रोजगार और सेवा की शर्तों का विनियमन) अधिनियम (बीओसीडब्ल्यू) के तहत पंजीकरण (v) प्रधान मंत्री श्रम योगी मानधन योजना (vi) राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) पोर्टेबिलिटी लाभ - एक राष्ट्र एक राशन कार्ड (ओएनओआरसी) (vii) प्रधान मंत्री जननी सुरक्षा योजना और (viii) प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई)।
12 जुलाई 2026 तक , पीएम स्वनिधि योजना के 50.63 लाख लाभार्थियों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग पूरी हो चुकी है, और उन्हें कुल 1.56 करोड़ योजना स्वीकृतियां दी जा चुकी हैं।
यह जानकारी आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज राज्यसभा में लिखित जवाब में दी।
***
पीके/केसी/एनकेएस/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2297306)
आगंतुक पटल : 279