रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

'वंदे मातरम् के 150 वर्ष' और 'विकसित भारत@2047 के लिए युवा शक्ति' का सम्मान करने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026


ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से पहली बार ‘वंदे मातरम’ गाया जाएगा

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे

भव्य समारोह का साक्षी बनने के लिए लगभग 5,000 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है

प्रविष्टि तिथि: 10 AUG 2026 5:48PM by PIB Delhi

राष्ट्र 15 अगस्त, 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 10 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे हो रहे हैं। आज़ादी की लड़ाई के दौरान लाखों लोगों को प्रेरित करने वाले इस राष्ट्रीय गीत को, इसकी यादगार विरासत के सम्मान में पहली बार लाल किले की प्राचीर से गाया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों भारतीयों को प्रेरित करने वाले इस राष्ट्रीय गीत की गौरवशाली विरासत के सम्मान में पहली बार इसे लाल किले की प्राचीर से गाया जाएगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/PICJZCZ.JPG

प्रधानमंत्री के लाल किले के प्रांगण में पहुंचने के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। इसके बाद वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को पारंपरिक रूप से संबोधित करेंगे। रक्षा सचिव ने कहा कि इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘युवा शक्ति’ को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा और वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं के योगदान को रेखांकित किया जाएगा।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर

फूलों की सजावट में ‘वंदे मातरम्’ की झलक दिखाई देगी। इसके तहत एनसीसी के 2,500 लड़के-लड़कियां कैडेट्स और ‘मेरा भारत’ (माई भारत) के स्वयंसेवक मिलकर लाल किले की प्राचीर के सामने ज्ञानपथ पर ‘वंदे मातरम्’ की आकृति बनाएंगे। भारतीय वायु सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक बैनर लेकर उड़ान भरेगा और लाल किले पर मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा करेगा।

सैन्य बैंड की प्रस्तुतियां

आजादी की लड़ाई के दौरान पीढ़ियों को एकजुट करने और प्रेरित करने वाले राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को सम्मान देने के लिए 8 अगस्त, 2026 से देशभर में कई बैंड प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। देश के 343 प्रमुख स्थानों पर सेना, नौसेना, वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल, एनसीसी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), एकीकृत रक्षा स्टाफ (आईडीएस), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और असम राइफल्स के बैंड की प्रस्तुतियां 15 अगस्त, 2026 तक जारी रहेंगी। नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन बैंड प्रस्तुतियों के आयोजन स्थलों पर आम जनता के लिए प्रवेश खुला रखा गया है।

युवा शक्ति: विकसित भारत@2047 की यात्रा का नेतृत्व

वर्ष 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। इंटरनेशनल फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमेटिक्स ओलंपियाड-2026 में पदक जीतने वाले 19 छात्रों की उपलब्धियां विज्ञान के क्षेत्र में युवा शक्ति की सफलता का उदाहरण हैं। इन छात्रों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया है और उन्हें लाल किले की प्राचीर पर बैठाया जाएगा।

पृष्ठभूमि में लगाए गए कट-आउट्स परमाणु और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की प्रगति को दर्शाएंगे, जबकि ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ क्षेत्र में फूलों की सजावट ‘विकसित भारत@2047’ की दिशा में भारत की यात्रा को प्रदर्शित करेगी।

विशेष अतिथि

इस समारोह के लिए लगभग 5,000 खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। ये लोग जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में कामयाब रहे हैं और 'विकसित भारत' की यात्रा में देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं। इन श्रेणियों में शामिल हैं:

  • राष्ट्रीय नवाचार कार्यक्रम के तहत युवा नवोन्मेषक
  • प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत उत्कृष्ट प्रशिक्षु
  • विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्राप्त उत्कृष्ट स्टार्टअप
  • प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट युवा
  • स्टार्टअप इंडिया सीड फंड के तहत सहायता प्राप्त उत्कृष्ट स्टार्टअप
  • उत्कृष्ट माई भारत स्वयंसेवक
  • नमस्ते, प्रधानमंत्री अजय और सीड योजना के लाभार्थी
  • विभिन्न प्रश्नोत्तरी और प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित दिल्ली सरकार के स्कूलों के छात्र

‘विकसित भारत@2047’ के निर्माण में उद्यमियों, नवोन्मेषकों और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले लोगों के योगदान को सम्मानित करते हुए, निम्नलिखित श्रेणियों से विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है:

    • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के स्वयंसेवक
    • प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत महिला उद्यमी
    • प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाभार्थी
    • विभिन्न क्षेत्रों के नवोन्मेषक और वैज्ञानिक
    • दिल्ली में भारत टैक्सी के सारथी, कैब चालक और टैक्सी चालक
    • प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी
    • प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगर
    • प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पीएम-एसवाईएम)के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाभार्थी
    • प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसान (पीएम-एमकेएसएसवाई)

विशिष्ट मेहमानों में वे ‘मौन योद्धा’ भी शामिल हैं, जो दूसरों को उनके लक्ष्य हासिल करने में मदद करने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं। स्वतंत्रता दिवस उनके योगदान को सम्मान देने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य से इन श्रेणियों के खास मेहमानों को भी आमंत्रित किया गया है:

    • प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी पटरी विक्रेता
    • स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी सफाई कर्मचारी
    • दिल्ली मेट्रो के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी
    • कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी
    • दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के नर्सिंग अर्दली (वार्ड अटेंडेंट) और अन्य कर्मचारी

देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से दिल्ली में रहने वाले 1,500 से ज़्यादा लोगों को पारंपरिक वेशभूषा में इस भव्य समारोह को देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। वे लाल किले पर भारत की एक छोटी सी झलक पेश करेंगे।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की भागीदारी

रक्षा मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘माईगव’ के साथ मिलकर विभिन्न प्रश्नोत्तरी और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इनमें ‘2047 तक विकसित भारत के निर्माण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता, ‘भारत 1947 बनाम भारत 2047’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला शामिल है। इन ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विषयों में ‘भारत का संविधान—मौलिक अधिकार, कर्तव्य, प्रमुख अनुच्छेद और संविधान निर्माता’, ‘भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाएं—रानी लक्ष्मीबाई से सरोजिनी नायडू और उसके बाद तक’, ‘आधुनिक भारत के प्रमुख पड़ाव—तकनीकी प्रगति और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में उपलब्धियां’ तथा ‘परमाणु प्रौद्योगिकी में भारत की सफलता की कहानी’ शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के लगभग 600 विजेता भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे।

दिल्ली सरकार के विभिन्न मंत्रालय और विभाग तथा दिल्ली पुलिस भी नागरिकों को इस राष्ट्रीय पर्व के जश्न में शामिल करने के लिए कई तरह की ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं।

सार्वजनिक सुविधाएं

  • क्लोकरूम की सुविधा: पिछले गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान आगंतुकों ने क्लोकरूम की सुविधा की सराहना की थी। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी समारोह के लिए छह स्थानों पर कुल 25 क्लोकरूम बनाए गए हैं।
  • हेल्पडेस्क पर स्वयंसेवक: 200 स्वयंसेवक, पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर आगंतुकों को उनके निर्धारित घेरे तक पहुंचने में सहायता करेंगे, जिनमें 100 ‘माई भारत’ और 100 एनसीसी से आएंगे। लाल किले की ओर जाने वाले मार्ग पर इन स्वयंसेवकों की आसानी से पहचान की जा सकेगी।
  • व्हीलचेयर की सुविधा: जिन आगंतुकों को व्हीलचेयर की आवश्यकता होगी, उनकी सहायता के लिए मेट्रो स्टेशनों और पार्किंग क्षेत्रों में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहेंगे।
  • मेट्रो सेवाएं: कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सभी आमंत्रित लोगों के लिए मेट्रो यात्रा नि:शुल्क होगी। ई-आमंत्रण के साथ मेट्रो का क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया जाएगा।
  • परेड ग्राउंड में पार्किंग की सुविधा: वैध पार्किंग/लेबल वाले आगंतुकों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
  • पैदल चलने वालों के लिए रैंप की सुविधा: ऊपरी सुभाष मार्ग से निचले सुभाष मार्ग तक पैदल चलने वालों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए मजबूत रैंप और सीढ़ियों का निर्माण किया गया है।
  • गूगल और मैप्पल्स मैप्स का इस्तेमाल: मुख्य कार्यक्रम के दिन लोगों को गूगल और मैप्पल्स मैप्स के मैप्स पर यातायात से जुड़ी पाबंदियों की जानकारी दिखाई देगी।
  • रेन पोंचो: मौसम की अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए लाल किले की प्राचीर पर मौजूद विशेष अतिथियों के अलावा माधव दास पार्क और 15 अगस्त पार्क में सभी आमंत्रित लोगों को रेन पोंचो उपलब्ध कराए जाएंगे।

आमंत्रण पत्र: जनसेवा और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री ने ‘सेवा तीर्थ’ को राष्ट्र को समर्पित करते हुए कहा था कि ‘सेवा तीर्थ’ कर्तव्य, करुणा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्धता का एक शानदार और सशक्त प्रतीक है। यह आने वाली पीढ़ियों को निस्वार्थ सेवा और सभी के कल्याण के लिए अथक समर्पण के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए देश के मुख्य कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड में ‘सेवा तीर्थ’ को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए समर्पण और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। निमंत्रण कार्ड पर अंकित धर्म चक्र सही कर्तव्य और निरंतर निस्वार्थ कर्म की शाश्वत गति का प्रतीक है।

स्वच्छता अभियान

इस वर्ष लाल किले पर कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना के साथ एनसीसी कैडेट्स और ‘माई भारत’ के स्वयंसेवकों की मदद से कार्यक्रम के बाद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कार्यक्रम समाप्त होने और दर्शकों के जाने के तुरंत बाद व्यवस्थित तरीके से प्लॉगिंग की जाए और कचरे को हटाया जाए। इसके साथ ही, ‘स्वच्छ भारत अभियान’ का संदेश भी दिया जाएगा। यह अभियान सुनिश्चित करेगा कि कार्यक्रम के बाद लाल किला देशभर से आने वाले पर्यटकों के लिए साफ-सुथरा और आम लोगों के लिए उपलब्ध रहे।

प्रांगण घेरों के नाम

वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने और जल संरक्षण के महत्व को उजागर करने के उद्देश्य से 2026 के गणतंत्र दिवस समारोह में बैठने के लिए बनाए गए प्रांगण घेरों के नाम नदियों के नाम पर रखे गए थे। इसी क्रम में, इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैठने के लिए बनाए गए प्रांगण घेरों के नाम भारत की प्रमुख झीलों के नाम पर रखे गए हैं।

जल निकासी प्रबंधन

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वर्षा होने की संभावना बनी रहती है, इसको देखते हुए जलभराव को रोकने के उद्देश्य से कई आवश्यक उपाय किए गए हैं। इसके तहत, लाल किले और उसके आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी तथा सीवेज प्रणाली की अच्छी तरह से सफाई की जा रही है।

***

पीके/केसी/एनके/एसएस  


(रिलीज़ आईडी: 2297346) आगंतुक पटल : 472
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Telugu , Odia , English , Urdu , Marathi , Tamil , Kannada , Malayalam